गन्नौर। बीएसटी रेलवे ओवरब्रिज के पास नाला ओवरफ्लो होने के चलते सड़क पर दूषित पानी भर रहा है। जिसके चलते लोगों ने वीरवार को एकत्रित होकर नपा प्रशासन के खिलाफ रोष जताया और नगरपालिका की ओर से नालों की सफाई न करवाने का आरोप लगाया। उन्होंने नपाध्यक्ष अरुण त्यागी को ज्ञापन सौंप कर नाले की सफाई करवाने की मांग की है।
प्रताप कादियान, दयानंद धनखड़, पिंकी, आशा, उमेद सिंह, हितेंद्र, सतप्रकाश त्यागी ने बताया कि पानी की निकासी के लिए सड़क के साथ नगरपालिका ने नाला बना रखा है। नाले की कई वर्षों से सफाई नहीं हो रही है। नालों पर कुछ लोगों ने अवैध रूप से पक्के स्लैब डाल रखे हैं, जिस वजह से नाले के इस हिस्से को बिना सफाई किए ही छोड़ दिया जाता है। जिसके चलते नाले ओवरफ्लो होकर सड़क पर पानी भर जाता है। उन्होंने बताया कि सड़क के साथ प्ले स्कूल भी है। नाला ओवरफ्लो होने से उन्हें भी आने-जाने में परेशानी हो रही है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समय रहते उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वह सड़क जाम करने को मजबूर होंगे।
गली निर्माण की भी मांग की
बाला, अमित, गीता, विकास, ओमपति, लक्की, कृष्णा ने बताया कि सड़क के साथ लगती गली का भी निर्माण कई वर्षों से नहीं हुआ है। गली में प्ले स्कूल है, जिसमें छोटे बच्चे आते हैं। गली टूटने की वजह से वह कई बार गिर कर घायल हो चुके हैं। उन्होंने नपाध्यक्ष से गली निर्माण करवाने की भी मांग की है।
वर्जन
नाला पुलिया के पास से सफाई होने की वजह से दूषित पानी की निकासी नहीं हो रही है। इसके लिए सुपर सकर मशीन सोनीपत से मंगवाई गई है। दो दिन में मशीन पहुंच जाएगी जिसके बाद नाले की सफाई हो जाएगी। वहीं सड़क के साथ लगती गली का जल्द निर्माण करवाने का भी आश्वासन दिया है।
-अरुण त्यागी, अध्यक्ष, नगरपालिका