सोनीपत। परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने वीरवार को लघु सचिवालय से सड़क सुरक्षा वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने मौजूद लोगों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रोत्साहित किया।
सड़क सुरक्षा नियमों व सुविधाओं की अनदेखी के मुद्दे को अमर उजाला भी प्रमुखता से प्रकाशित कर चुका है। अब क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण की ओर से सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए सड़क सुरक्षा वाहन को चलाया जा रहा है। परिवहन मंत्री ने कहा कि छोटी सी लापरवाही दुर्घटना का सबब बन जाती है। यातायात नियमों का पालन करके दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है। किसी भी तरह का नशा करके वाहन न चलाएं। चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट एवं बाइक चलाते समय हेलमेट का प्रयोग अवश्य करें। वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात न करें। हमेशा वाहन की रफ्तार कम रखें। यात्रा करते समय ड्राइविंग लाइसेंस व वाहन से संबंधित वैध कागजात अपने साथ रखें। इस दौरान विधायक मोहनलाल बड़ौली, उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।