संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. तरुण यादव ने कहा कि टीबी उन्मूलन के लक्ष्य को हासिल करने के लिए विभाग निरंतर प्रयासरत है। इसके तहत हैंड पोर्टेबल एक्स-रे मशीन से घर-घर जाकर जांच की जा रही है ताकि छिपे हुए टीबी मरीजों की पहचान कर समय पर उनका उपचार किया जा सके।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य टीबी को पूरी तरह समाप्त कर जिले को टीबीमुक्त बनाना है। इसी कड़ी में रविवार को निक्षय अभियान के तहत मेगा पीडियाट्रिक टीबी डिटेक्शन एवं चाइल्ड हेल्थ केयर शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर इंडियन एकेडमी, कुंडली में लगाया गया। इसमें टीबी की जांच के साथ एक्स-रे और एड्स की भी जांच की गई।
शिविर में 400 लोगों के एक्स-रे करने के अलावा 40 सैंपल बलगम के भी लिए गए। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों को टीबी के लक्षण, बचाव और समय पर इलाज के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष अशाेक भारद्वाज, नगर पालिका कुंडली की चेयरपर्सन शीला देवी, टीकाकरण अधिकारी डाॅ. नीरज यादव, डाॅ. एचआर पासी, डाॅ. चेतन, डाॅ. जे धनकड़, डाॅ. निशांत, डाॅ. बलराज मौजूद रहे।