फोटो 05- सोनीपत में रेल लाइन के साथ काॅलोनी में लोगों को ट्रेनों पर होने वाली पत्थरबाजी की घटन
सोनीपत। दिल्ली-अंबाला रूट पर सोनीपत क्षेत्र में ट्रेनों पर होने वाली पत्थरबाजी, रेललाइन पर अलार्म चेन पुलिंग (एसीपी) जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए रेलवे पुलिस बल (आरपीएफ) ने ऑपरेशन दोस्ती के तहत जागरूकता अभियान चलाया।
आरपीएफ थाना प्रभारी इंस्पेक्टर संगम के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। उप निरीक्षक शहाबुद्दीन के नेतृत्व में टीम ने रेल लाइन के साथ लगती कॉलोनियों, राठधना, गन्नौर, भोड़वाल माजरी में लोगों को जागरूक किया।
अभियान के दौरान उप निरीक्षक शहाबुद्दीन ने लोगों के साथ युवाओं को भी ट्रेनों पर पत्थरबाजी न करने की अपील की। उन्होंने कहा कि ट्रेन पर पत्थरबाजी करना कानूनन अपराध है। इससे राष्ट्रीय संपत्ति के साथ यात्रियों को नुकसान पहुंचता है।
इसके रेलवे को आर्थिक नुकसान होता है। ऐसा करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि कई बार बच्चे खेल-खेल में ट्रेनों पर पत्थरबाजी कर देते हैं। अगर सभी लोग सहयोग करें तो ट्रेनों पर पत्थरबाजी की घटनाओं को रोका जा सकता है।
वर्ष 2024 में सोनीपत क्षेत्र में ट्रेनों पर पत्थरबाजी के 16 मुकद्दमे दर्ज कर कार्रवाई की गई थी जबकि इस साल 11 जुलाई को शाम 5:30 बजे तक दिल्ली से अंबाला की ओर जा रही अमृतसर शताब्दी एक्सप्रेस पर राठधना-सोनीपत स्टेशन के बीच पत्थरबाजी हुई थी।
इससे पहले 13 जून को चंडीगढ़ से दिल्ली के रास्ते अजमेर जा रही वंदेभारत एक्सप्रेस पर दोपहर बाद 3:45 बजे पत्थरबाजी की गई थी। आरपीएफ पत्थरबाजी की घटनाओं को रोकने के लिए रेललाइन के साथ लगते क्षेत्रों में लोगों को जागरूक कर रही है।