फोटो 03- सोनीपत के गोहाना के खंदराई मोड़ स्थित जय बालाजी बॉक्सिंग अकादमी की मुक्केबाज पंच दिखात
सोनीपत। खेलो इंडिया विश्वविद्यालय गेम्स में जय बालाजी बॉक्सिंग अकादमी की तीन मुक्केबाज अपने पंच का दम दिखाएंगी। मुक्केबाजों का चयन अखिल भारतीय महिला अंतर विश्वविद्यालय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन की बदौलत किया गया है। यह प्रतियोगिता पंजाब के बठिंडा स्थित गुरु काशी विश्वविद्यालय में 18 से 24 दिसंबर तक आयोजित की गई थी।
जिला बॉक्सिंग एसोसिएशन के सचिव एवं प्रशिक्षक नवीन हुड्डा ने बताया कि अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिता में अकादमी की चार मुक्केबाजों ने भाग लिया था। इसमें से तीन मुक्केबाजों का चयन खेलो इंडिया विश्वविद्यालय गेम्स के लिए हुआ है। प्रतियोगिता में गांव महमूदपुर की आरजू मान ने 54 किलो भार वर्ग में कांस्य पदक जीता था। उन्होंने बताया कि खेलो इंडिया के लिए 57 किलो भार वर्ग में शिवांकी और 63 किलो में गरिमा का चयन किया गया है। मुक्केबाजों से उम्मीद है कि खेलो इंडिया प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर पदक जीतेंगी। मुक्केबाजों के चयनित होने पर संस्थापक जितेंद्र हुड्डा, प्रधान अनिल मोर, प्रशिक्षक सोमबीर, निशांत, प्रिंस, विजय शर्मा, आशीष शरावत, कुलदीप खासा, मनजीत व अमित ने बधाई दी।