संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। उमस भरी गर्मी ने जिले में बिजली की मांग को रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा दिया है। शनिवार को सोनीपत में एक ही दिन में 2.06 करोड़ यूनिट बिजली की खपत दर्ज की गई, जो अब तक का सर्वाधिक दैनिक रिकॉर्ड है। बढ़ती मांग के कारण बिजली आपूर्ति व्यवस्था पर भारी दबाव बना रहा। इसके चलते तकनीकी खराबियों और ओवरलोडिंग के कारण 603 अघोषित बिजली कट लगे। वहीं बिजली संबंधी समस्याओं को लेकर 24 घंटे में 5,294 शिकायतें निगम के पास दर्ज हुईं।
बिजली निगम के आंकड़ों के अनुसार पिछले वर्ष 18 जुलाई को जिले में 1.62 करोड़ यूनिट बिजली की खपत दर्ज हुई थी, जबकि पूरे गर्मी के मौसम में सर्वाधिक मांग 1.84 करोड़ यूनिट तक पहुंची थी। इस बार केवल एक दिन में ही 2.06 करोड़ यूनिट की खपत ने सभी पुराने रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए।
लगातार बढ़ रही उमस और तापमान के कारण घरों, कार्यालयों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में एसी, कूलर और अन्य विद्युत उपकरणों का उपयोग तेजी से बढ़ा है। इसके चलते कई फीडरों और ट्रांसफार्मरों पर अतिरिक्त भार पड़ने से फॉल्ट की घटनाएं भी बढ़ीं और कई क्षेत्रों में उपभोक्ताओं को बिजली बाधित होने की समस्या झेलनी पड़ी।
बिजली निगम के अनुसार बीते 24 घंटे के दौरान छह घोषित बिजली कट लगाए गए, जिनमें ग्रामीण क्षेत्र में दो और शहरी क्षेत्र में चार कट शामिल रहे। इसके अलावा तकनीकी कारणों से 603 अघोषित बिजली कट दर्ज किए गए। शिकायतों में सबसे अधिक मामले बिजली गुल होने, लो-वोल्टेज, ट्रांसफार्मर फॉल्ट और लाइन खराब होने से जुड़े रहे। निगम की टीमें दिन-रात फील्ड में रहकर आपूर्ति बहाल करने और शिकायतों के समाधान में जुटी रहीं।
बिजली अधिकारियों का कहना है कि रिकॉर्ड स्तर की मांग के बावजूद पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। जहां भी ओवरलोडिंग या तकनीकी खराबी सामने आई, वहां मरम्मत कर आपूर्ति सामान्य करने का प्रयास किया गया। सभी सब स्टेशनों और फीडरों की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि उपभोक्ताओं को न्यूनतम परेशानी का सामना करना पड़े।
वर्जन
उमस भरी गर्मी के कारण जिले में बिजली की मांग ने सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। शनिवार को 2.06 करोड़ यूनिट बिजली की खपत दर्ज हुई है। निगम की प्राथमिकता उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करना है। जहां भी तकनीकी बाधाएं सामने आ रही हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जा रहा है।-मनिंद्र कादियान, अधीक्षण अभियंता, बिजली निगम