सोनीपत। जिला बार एसोसिएशन वार्षिक चुनाव के लिए चुनाव अधिकारी व सहायक चुनाव अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। पवन दहिया को चुनाव अधिकारी बनाया गया है। साथ ही जिला बार एसोसिएशन का चुनाव लड़ने के लिए जमा होने वाली सिक्योरिटी राशि में वृद्धि की गई है। अब प्रधान पद के लिए चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवार को 25 हजार रुपये जमा कराने होंगे।
जिला बार एसोसिएशन के प्रधान अनिल ढुल ने बताया कि 28 फरवरी को होने वाले चुनाव को लेकर बैठक बुलाई थी। इसमें सर्वसम्मति से एक चुनाव अधिकारी के अलावा 5 अधिवक्ताओं को सहायक चुनाव अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है। चुनाव प्रक्रिया शीघ्र शुरू करते हुए नामांकन, छंटनी व मतदान के संबंध में तैयारियां की जाएगी। वरिष्ठ अधिवक्ता पवन दहिया को चुनाव अधिकारी बनाया गया है। वह इससे पहले दो बार गुरुग्राम बार एसोसिएशन के चुनाव अधिकारी रह चुके हैं। इसके अलावा सहायक चुनाव अधिकारियों में इंद्रजीत खोखर, वीरेंद्र नैन, विकास कुंडू, गौरव शर्मा व कुलभूषण चौधरी शामिल हैं। बार एसोसिएशन में अधिवक्ताओं की संख्या 15 सौ से अधिक हो चुकी है। ऐसे में चुनाव शांतिपूर्ण व अच्छे से संपन्न कराने के लिए आरओ व पांच एआरओ नियुक्त किए हैं।
सिक्योरिटी राशि में की गई वृद्धि
जिला बार एसोसिएशन का चुनाव लड़ने के लिए सिक्योरिटी राशि में वृद्धि की गई है। अब प्रधान पद के लिए चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवार को 25 हजार रुपये, उप प्रधान व सचिव का चुनाव लड़ने वाले को 15-15 हजार रुपये व खजांची और संयुक्त सचिव का चुनाव लड़ने के लिए उम्मीदवार को आठ-आठ हजार रुपये सिक्योरिटी राशि जमा करानी होगी। पहले यह राशि प्रधान पद के लिए 10 हजार, उप प्रधान व सचिव के लिए आठ हजार व खजांची और संयुक्त सचिव के लिए पांच हजार रुपये थी।
27 को लगेगी मतदाता सूची
प्रधान अनिल ढुल ने बताया कि 27 जनवरी को मतदाता सूची चस्पा कर दी जाएगी। जिस पर 1 फरवरी तक आपत्ति दर्ज की जा सकती है। 7 फरवरी तक चुनाव अधिकारी आपत्ति दूर कर चुनाव का शेड्यूल जारी करेंगे।