फोटो 06- सोनीपत के गन्नौर के गांव तेवड़ी से बजाना कलां रोड। संवाद
सोनीपत। लोक निर्माण विभाग की ओर से गांव तेवड़ी से बजाना खुर्द वाया बजाना कलां तक करीब चार एकड़ में सड़क का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए टेंडर प्रकिया पूरी कर ली गई है, विभाग जल्द ही मुख्यालय से अलॉटमेंट लेकर सड़क का निर्माण कार्य शुरू करवाएगा। इसके निर्माण पर 1.77 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
फिलहाल गन्नौर से खानपुर कलां जाने के लिए लोगों को 23 किलोमीटर का सफर तय करना पड़ रहा है। गांव बजाना खुर्द से खानपुर कलां जाने वाला मार्ग कच्चा है। ग्रामीण काफी समय से मांग कर रहे थे कि मेडिकल कॉलेज व महिला विश्वविद्यालय में पढ़ने के लिए जाने वाली छात्राओं के लिए इस मार्ग को पक्का करवाया जाए। करीब 2.5 किलोमीटर का रास्ता पक्का होता है तो गांव पुगथला, बजाना खुर्द, तेवड़ी, एमपी माजरा आदि गांवों से खानपुर कलां जाने का मार्ग सुगम हो जाएगा। फिलहाल लोगों को बजाना कलां से चार किलोमीटर लंबा सफर तय करना पड़ रहा है। तेवड़ी से बजाना कलां रोड का निर्माण होने से मार्ग की करीब 2.5 किलोमीटर की दूरी कम हो जाएगी।
ई-भूमि खरीद पोर्टल के माध्यम से खरीदी थी चार एकड़ जमीन
20 जनवरी 2023 को तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में ई-भूमि खरीद के तहत उच्च स्तरीय भूमि क्रय कमेटी की बैठक हुई थी। सड़क निर्माण के लिए जमीन अधिग्रहण करने को कमेटी व ग्रामीणों के बीच सहमति बनी थी। इसके बाद विभाग ने ई-भूमि खरीद पोर्टल के माध्यम से किसानों से चार एकड़ जमीन खरीदी थी। अब विभाग ने टेंडर प्रक्रिया पूरी कर मुख्यालय को अलॉटमेंट के लिए पत्र लिखा है।
मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल तेवड़ी से बजाना कलां रोड निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। काम शुरू करने के लिए मुख्यालय को अलॉटमेंट पत्र भेजा गया है। सड़क बनने से खानपुर कलां स्थित महिला मेडिकल कॉलेज व महिला विश्वविद्यालय की दूरी करीब 2.5 किमी कम होगी। लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
पंकज गौड़, कार्यकारी अभियंता, लोक निर्माण विभाग