फोटो : 33 : निर्माणाधीन मंदिर में की गई तोड़फोड़। स्रोत ग्रामीण
सोनीपत। राई थाना क्षेत्र के गांव टांडा में मंदिर निर्माण को लेकर सरपंच और ग्रामीणों के बीच विवाद चल रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि सरपंच और उसके साथियों ने मंदिर की मूर्तियां खंडित की हैं, जबकि सरपंच का कहना है कि कुछ लोग जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं और उन्हें बदनाम करने के लिए यह आरोप लगा रहे हैं।
इस मामले में राई थाना में एफआईआर दर्ज की गई है और एसएचओ राई इसकी जांच कर रहे हैं। दोनों पक्षों को थाना में बुलाया गया है। टांडा गांव में सरपंच व ग्रामीणों के बीच करीब तीन महीना से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। गांव के लोग जमीन को सामूहिक बता रहे हैं, लेकिन सरपंच राजेश का कहना है कि जमीन सामूहिक नहीं है।
21 अक्तूबर को ग्रामीणों ने मूर्तियां खंडित करते का आरोप लगाया था। अब दोबारा फिर से ग्रामीणों ने एक शिकायत राई थाना में दी है। इसमें भी आरोप लगाया है कि जमीन पर मंदिर का निर्माण कर रहे हैं। देवताओं की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा की गई थी। आरोप है कि सरपंच व उसके साथियों ने इसे खंडित कर दिया।
सरपंच राजेश ने कहा कि जहां मूर्तियां रखी गई थीं वह निजी जमीन है। जमीन के मालिक मिल गए हैंं। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने वीरवार को दोनों पक्षों को थाना में बुलाया है।