सोनीपत। जिला नागरिक अस्पताल समेत सभी उपमंडल अस्पतालों व सीएचसी स्तर पर शनिवार को किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए टीकाकरण अभियान की शुरुआत कर दी है। अभियान के पहले दिन 38 किशोरियों ने टीका लगवाया जबकि स्वास्थ्य विभाग ने 50 किशोरियों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा था।
जिला अस्पताल में विधायक निखिल मदान ने रिबन काटकर अभियान की शुरुआत की। जिला अस्पताल में सबसे पहले दिशा ने ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) का टीका लगवाया। विधायक निखिल मदान ने कहा कि जिला में प्रत्येक पात्र बालिका को आगामी तीन माह में एचपीवी टीकाकरण का सुरक्षा कवच प्रदान किया जाएगा।
सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है कि प्रदेश की बेटियों का स्वास्थ्य ठीक रहे। उन्हें किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य से संबंधित परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि यह टीका सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बेटियों का बचाव करेगा। यह टीका बीमारी के जोखिम को कम करता है और पूरी तरह सुरक्षित व वैज्ञानिक शोध पर आधारित है।
विधायक निखिल मदान ने सभी जिलावासियों से अपील करते हुए कहा कि पात्र बालिकाओं का सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के लिए टीकाकरण अवश्य करवाएं। अपने क्षेत्र की संबंधित सीएचसी केंद्र पर जाकर इस टीकाकरण अभियान का लाभ उठाएं व जिला प्रशासन का सहयोग करें।
सिविल सर्जन डाॅ. ज्योत्सना ने बताया कि टीकाकरण के लिए बेटियों को आधार कार्ड व मोबाइल नंबर लाना आवश्यक है। आधार कार्ड से पंजीकरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि टीकाकरण का पूरा रिकार्ड यू-विन पोर्टल पर दर्ज किया जाएगा।
पीटीएम के दौरान सरकारी स्कूलों में अभिभावकों व छात्राओं को किया जागरूक
सरकारी स्कूलों में पीटीएम का आयोजन कर अभिभावकों व छात्राओं को टीकाकरण के लिए जागरूक किया गया। मुरथल अड्डा के पीएमश्री राजकीय कन्या स्कूल में आयोजित पीटीएम के दौरान जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. नीरज यादव ने अभिभावकों को वैक्सीनेशन के लाभ, इसकी सुरक्षा व आवश्यक जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) वैक्सीन सुरक्षित एवं प्रभावी है। समय पर टीकाकरण से भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। जिले में 14 से 15 वर्ष तक की 15000 किशोरियों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य रखा गया है।