गोहाना। भीषण गर्मी में लोगों को पेट में संक्रमण के साथ डायरिया अपनी गिरफ्त में ले रहा है। खानपुर कलां स्थित भगत फूल सिंह महिला मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में डायरिया के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। रोजाना 70 से 80 मरीज डायरिया, पेट दर्द, सीने में जलन आदि समस्या लेकर अस्पताल पहुंच रहे हैं।
इस समय सूरज के तेवर तल्ख हो गए हैं। धूप में लोग निकल रहे हैं तो उन्हें बीमारियां जकड़ ले रही हैं। बुखार, उल्टी-दस्त व पेट दर्द के मरीज अधिक मिल रहे हैं। मेडिकल काॅलेज अस्पताल में बड़ी संख्या में मरीज पहुंच रहे है। इन मरीजों में 70 से 80 लोग डायरिया से पीड़ित हैं। मेडिसिन वार्ड की वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. सोनिका लांबा ने बताया कि सुबह का बना भोजन शाम को खाने का कारण डायरिया की वजह बन रहा है। ओपीडी में अधिकतर मरीज पेट से संबंधित बीमारियों की वजह से आ रहे हैं।
इंसेट
फ्रिज में रखा गूंथा आटा बीमारी का कारण
चिकित्सकों का कहना है कि बहुत से लोग सुबह आटा गूंथ कर फ्रिज में रख देते हैं। फिर उसे दोपहर या शाम को पकाते हैं। कई लोग सब्जी, दाल, मिठाई आदि भी फ्रिज में रखकर बाद में खाते हैं। ऐसा करना सेहत के लिए हानिकारक है। खाना हमेशा ताजा बना हुआ ही खाना चाहिए। डायरिया से समय पर बचाव नहीं किया गया तो शरीर में डिहाइड्रेशन की स्थिति पैदा हो जाती है।
वर्जन
गर्मी बढ़ने के साथ ही मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ी है। चिकित्सकों को निर्देश दिए हैं कि वे मरीजों का बेहतर इलाज करें। मेडिसिन वार्ड में अतिरिक्त चिकित्सकों की ड्यूटी लगाई गई है। जिससे मरीजों को लाइनों में लंबा इंतजार न करना पड़े।-डाॅ. धीरज, चिकित्सा अधीक्षक, बीपीएस महिला मेडिकल कॉलेज, खानपुर कलां