फोटो 03: सोनीपत के गढ़ी ब्राह्मणान स्थित बिजलीघर के गेट पर धरना देते मयूर विहार के लाेग। स्रोत
सोनीपत। मयूर विहार में वोल्टेज कम होने और बार-बार तार जलने के विरोध में शनिवार को गढ़ी ब्राह्मणान स्थित बिजलीघर के बाहर लोगों ने धरना दिया। इस दौरान लोगों ने बिजली निगम के खिलाफ नारेबाजी की।
जिला पार्षद संजय बड़वासनी, जोगिंद्र मलिक, सतीश, टिंकू, प्रदीप व संदीप ने कहा कि लगातार वोल्टेज कम आने व लोड बढ़ने के कारण बार-बार तार जल रहे हैं। कई बार अधिकारियों को शिकायत की जा चुकी है। नया ट्रांसफार्मर लगाने की बात हुई थी, मगर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई।
सूचना मिलने के बाद उपमंडल अभियंता प्रदीप खोखर मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों काे आश्वासन दिया कि पांच दिन में ट्रांसफार्मर लगा दिए जाएंगे। जो तार जल गए हैं उसको अभी नए बदल दिए जाएंगे। इस पर लोगों ने चेतावनी दी कि अगर पांच दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो बिजली घर के गेट पर ताला जड़ दिया जाएगा।
राजेश, कुलदीप, सुरेश, नरेंद्र, जोगिंद्र, महावीर, रविंद्र ने कहा कि बिजली निगम की ओर से उनकी सुनवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि अगर बिजली निगम की ओर से पांच दिन में समस्या का समाधान नहीं कराया तो कॉलोनी के लोग बिल नहीं जमा कराएंगे। बिजली कर्मियों को कॉलोनी के अंदर नहीं घुसने देंगे।