हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला में 24 फरवरी से 6 मार्च तक आयोजित किया जा रहा है मैड़ी मेला
संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में स्थित मैड़ी में बाबा बड़भाग सिंह होली मेले का आयोजन 24 फरवरी से 6 मार्च तक किया जा रहा है। इसमें भाग लेने के लिए कोई भी श्रद्धालु मालवाहक वाहनों जैसे ट्रैक्टर-ट्रॉली, ट्रक व ट्रालों आदि में न जाए। हिमाचल प्रदेश सरकार ने लोगों की सुरक्षा को देखते हुए मालवाहन वाहनों में श्रद्धालुओं की प्रवेश को लेकर रोक लगाई है।
उपायुक्त सुशील सारवान ने बताया ऊना जिले के उपायुक्त जतिन लाल ने पत्र लिखकर यह जानकारी दी है कि हरियाणा से काफी संख्या में श्रद्धालु ट्रकों, ट्रैक्टरों, ट्रॉलियों तथा ट्रॉलों में सवार होकर मैड़ी आते हैं। उन्हें जिला ऊना की सीमा से आगे मालवाहक वाहनों में नहीं जाने दिया जाएगा।
इसके लिए अंतरराज्यीय बैरियर पर पुलिस की तैनाती की जाएगी। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि किसी भी असुविधा से बचने के लिए बसों में ही यात्रा करें। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हिमाचल प्रदेश रोडवेज बसों की व्यवस्था की गई है।