सोनीपत। उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार ने जिला विकास और निगरानी समिति की बैठक में डी प्लान के तहत किए जाने वाले विकास कार्यों की समीक्षा की। उपायुक्त ने लंबित कार्यों की पड़ताल करते हुए कारणों की जानकारी ली। निर्देश दिए कि कोई भी विकास कार्य लंबित नहीं रहना चाहिए। समय पर सभी विकास कार्यों को पूरा करवाएं। अगर किसी कार्य में लेटलतीफी होती है तो उससे संबंधित अधिकारी का 10 प्रतिशत वेतन काटा जाएगा।
लघु सचिवालय में बुधवार को हुई जिला विकास और निगरानी समिति की बैठक में उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार ने वर्ष 2022-23 व 2023-24 के तहत किए जाने वाले डी-प्लान के विकास कार्यों का ब्यौरा लिया। उपायुक्त ने पंचायती राज संस्थाओं के तहत किए जाने वाले विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए चेतावनी दी कि विकास कार्यों में देरी होने पर संबंधित अधिकारियों के वेतन से राशि काटी जाएगी। उन्होंने कहा कि बजट का सदुपयोग न होने पर लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की एसीआर में उल्लेख किया जाएगा। साथ ही उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों में शौचालय निर्माण का कार्य सर्व शिक्षा अभियान को सौंपा और अधिकारियों को समय पर विकास कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र के साथ शहरी क्षेत्र में करवाए जाने वाले सभी विकास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान अतिरिक्त उपायुक्त अंकिता चौधरी, एसडीएम निर्मल नागर, आशीष कुमार, अमित कुमार, डॉ. अनमोल, नगराधीश पूजा कुमारी, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजपाल चहल, जिला शिक्षा अधिकारी नवीन गुलिया, पीओ जोगेंद्र आदि मौजूद थे।