फोटो 24: सोनीपत के नगर निगम कार्यालय में हुई वित्त एवं अनुबंध कमेटी की बैठक में मौजूद मेयर राजी
सोनीपत। नगर निगम कार्यालय में सोमवार को हुई वित्त एवं अनुबंध समिति की बैठक में शहर में 34 करोड़ रुपये से होने वाले विकास कार्यों को मंजूरी दी गई। मेयर राजीव जैन की अध्यक्षता में हुई बैठक में निगम प्रशासन ने दावा किया है कि इस राशि से सभी वार्डों में समान विकास की नीति के तहत कार्य कराए जाएंगे।
मेयर ने बताया कि हर वार्ड में विकास कार्यों को मंजूरी दी गई है। सबसे ज्यादा जोर पानी निकासी, सीवरेज सिस्टम और सफाई व्यवस्था को मजबूत करने पर दिया गया है। उन्होंने भरोसा जताया है कि इन कार्यों को जल्द से जल्द शुरू किया जाएगा। इससे शहर की मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी वर्षों पुरानी समस्याओं का समाधान हो सकेगा। लोगों को राहत मिलेगी।
मंजूर किए गए प्रमुख विकास कार्य
जल एवं सीवरेज सुधार :
सभी बूस्टरों और ट्यूबवेलों के लिए तीन करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। सभी सीवरेज सिस्टम और वाटर ड्रेनेज के लिए लगभग छह करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। पश्चिमी क्षेत्र की सीवरेज और स्टॉर्म वाटर के रखरखाव और सभी डिस्पोजल के लिए छह करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज :
वार्ड 1 से 7 तक स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज के लिए दो करोड़ और वार्ड 8 से 14 के सभी स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज के लिए तीन करोड़ रुपये की राशि को मंजूरी दी गई है।
रखरखाव और ऑपरेशन :
शहर के पूर्वी क्षेत्र के सभी ट्यूबवेल और पंपिंग स्टेशन के रखरखाव के लिए ढाई करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।
सफाई व्यवस्था :
शहर के दो जोन में सफाई कार्यों को सुचारु बनाने के लिए बड़ा बजट पास किया गया है। जोन 1 (वार्ड 3 से 7, 9 और 10) के लिए साढ़े सात करोड़ रुपये और जोन 2 (वार्ड 14 से 20) के लिए आठ करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
अन्य कार्य : वार्ड 9 में पटेल नगर गली नंबर 4 और साइड गली में सीसी की गली के निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये और गांव जगदीशपुर में डॉग आश्रय स्थल की चहारदीवारी के लिए 13.5 लाख रुपये खर्च करने को मंजूरी दी गई है।
यह अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में निगम आयुक्त हर्षित कुमार, उप निगम आयुक्त हरदीप सिंह, समिति के उपाध्यक्ष सुरेंद्र मदान, डिप्टी मेयर मंजीत गहलावत, पार्षद सुरेंद्र नैय्यर, कार्यकारी अभियंता विशाल गर्ग, पद्म भूषण, मुख्य सफाई निरीक्षक सतेंद्र दहिया, साहब सिंह और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।