सोनीपत। राजीव कॉलोनी जन कल्याण समिति ने सेक्टर-15 के निकट हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) की जमीन से कथित अवैध कब्जा हटाने की मांग की है। समिति पदाधिकारियों ने इस संबंध में संपदा अधिकारी सिद्धार्थ सिंह को ज्ञापन सौंपा था लेकिन आरोप है कि अब तक एचएसवीपी की ओर से कार्रवाई नहीं की गई है।
समिति के प्रधान सतनारायण शर्मा ने बताया कि एचएसवीपी की जमीन पर अवैध रूप से डेयरी संचालित की जा रही है। यहां पशुओं का गोबर डाले जाने से आसपास के क्षेत्र में गंदगी फैल रही है और लोगों को दुर्गंध समेत अन्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि समिति पिछले दो माह से जमीन को कब्जामुक्त कराने की मांग कर रही है। इस संबंध में उपायुक्त कार्यालय को भी ज्ञापन की प्रति भेजी गई है। समिति ने एचएसवीपी प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर सरकारी भूमि को खाली कराने और स्थानीय लोगों को राहत देने की मांग की है।