संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। सहकारी चीनी मिल की मरम्मत का टेंडर सक्षम एजेंसी को देने व गन्ना सर्वे कराने की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के प्रतिनिधि सोमवार को लघु सचिवालय पहुंचे। उपायुक्त नेहा सिंह को ज्ञापन सौंपकर मांग की कि मिल की मरम्मत का टेंडर किसी सक्षम और अनुभवी एजेंसी को दिया जाए ताकि आगामी पेराई सत्र में किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
जिला प्रधान वीरेंद्र पहल ने कहा कि जिले में अभी भी कई गन्ना उत्पादक किसानों के खेतों का सर्वे पूरा नहीं हुआ है। ऐसे खेतों का सर्वे जल्द पूरा कराया जाए ताकि पंजीकरण प्रक्रिया में किसी तरह की बाधा न आए। किसानों को समय पर सुविधाएं मिल सकें।
किसान नेताओं ने कहा कि सहकारी चीनी मिल हरियाणा में गन्ना पिराई और मुनाफे के मामले में लंबे समय तक अग्रणी मिलों में शामिल रही है लेकिन पिछले पेराई सत्र से पहले टेंडर प्रक्रिया में देरी के कारण किसानों को बार-बार आंदोलन करना पड़ा था।
उनका आरोप है कि जल्दबाजी में ऐसी कंपनी को टेंडर दिया गया जो मिल का संचालन और मरम्मत कार्य अपेक्षित स्तर पर नहीं कर सकी। भारतीय किसान यूनियन ने सरकार से मांग की कि क्षेत्र में गन्ने की बढ़ती खेती और किसानों की संख्या को देखते हुए सोनीपत शुगर मिल का नवीनीकरण कराया जाए।
किसानों का कहना है कि यदि सरकार ने इस दिशा में गंभीरता नहीं दिखाई तो यूनियन व्यापक आंदोलन शुरू करने को मजबूर होगी। इस दौरान जिला वरिष्ठ महासचिव मनोज छिकारा, जिला सचिव अनिल मलिक, जिला महासचिव सुंदर, मंजीत, कृष्ण, जगबीर, नरेश भी मौजूद रहे।