सोनीपत। शहर के बाबा धाम के पीछे बने कूड़ा डंपिंग यार्ड का स्थान बदलने की मांग को लेकर नागरिकों ने नगर निगम के मेयर राजीव जैन को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में 500 से अधिक नागरिकों के हस्ताक्षर हैं।
मेयर ने नागरिकों को समस्या का समाधान करवाने का आश्वासन दिया है। नागरिकों ने ज्ञापन में बताया कि डंप यार्ड के कारण सैनीपुरा, ऋषि कॉलोनी, हाउसिंग बोर्ड और चावला कॉलोनी सहित आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों का जीवन दूभर हो गया है। कूड़े की दुर्गंध के कारण लोग बीमारियों का शिकार हो रहे हैं।
इस इलाके में चार स्कूल हैं, जिससे विद्यार्थियों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। इसके अलावा प्रतिष्ठित बाबा धाम मंदिर में भक्तजन पांच मिनट खड़े होकर पूजा-अर्चना भी नहीं कर सकते। लोग कूड़ा यार्ड को बदलने की मांग लंबे समय से कर रहे हैं।
ज्ञापन देने वालों में पार्षद हरि सैनी, पूर्व पार्षद रामप्रसाद सैनी, कृष्ण सैनी, लखी राम सैनी, गौरव सैनी, मनोज शर्मा, रमेश, शशि, भोलर, मुकेश, मानसिंह ईश्वर, सुरेश आदि उपस्थित रहे। नागरिकों ने मेयर से समस्या का समाधान करने की मांग की है। संवाद