सोनीपत। शहर के विभिन्न सामाजिक संगठनों ने उपायुक्त के साथ चल रही बैठक में सोनीपत का नाम स्वर्णप्रस्थ रखने की मांग की है। कहा कि महाभारत काल में सोनीपत का नाम स्वर्णप्रस्थ था। इस पर उपायुक्त ने कहा कि इस संबंध में जिला स्तर पर कुछ नहीं हो सकता। हरियाणा सरकार को इस मांग के बारे में अवगत करवाया जाएगा।
मंगलवार को लघु सचिवालय में शहर के चौक-चौराहों पर लगने वाले जाम सहित अन्य मुद्दों को लेकर उपायुक्त सुशील सारवान विभिन्न सामाजिक, धार्मिक व व्यापारिक संगठनों के साथ बैठक में शामिल रहे। उपायुक्त ने जाम के खिलाफ नगर निगम व पुलिस अधिकारियों को अभियान चलाने और दुकानदारों को जागरूक करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि दुकानदार अपना सामान दुकानदारों के बाहर रोड पर न रखें। इसके अलावा रेहड़ी वाले भी ज्यादा आगे तक सड़क पर रेहड़ी न लगाएं। उन्होंने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि चौक चौराहों को जाम मुक्त बनाने के लिए अच्छी व्यवस्था बनाएं और वहां पर जो भी टैक्सी वाहन खड़े होते हैं, उन पर भी लगाम लगाई जाए।
उपायुक्त सुशील सारवान ने कहा कि शहर के युवाओं में नशे की लत और शहर में लगने वाला जाम आज मुख्य समस्या बन गया है और इन दोनों समस्याओं को हम मिलकर दूर कर सकते हैं।
बैठक में नशे को लेकर उठाई गई समस्या पर उपायुक्त ने सोनीपत समाज पंचायत के सदस्यों की मांग पर एसीपी को निर्देशित किया कि संगठनों ने जिन स्थानों के बारे में बताया गया है, वहां पर लगातार पुलिस गश्त करे और जो भी व्यक्ति नशा बेचने या इस कार्य में संलिप्त मिले, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करें।
उन्होंने निर्देश दिए कि जिला में स्थित महिला स्कूलों व कॉलेजों के आसपास गश्त करें ताकि लड़कियों की सुरक्षा को लेकर किसी प्रकार की समस्या न हो। इसके अलावा महापुरुषों के प्रतिमा स्थाल पर लगने वाले पोस्टर व बैनर लगाने वालों के खिलाफ भी नगर निगम अधिकारियों को संबंधित के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा।
उन्होंने कहा कि शहर के समग्र विकास, सुरक्षा, सुंदरीकरण व मूलभूत सुविधाओं पर तेजी से कार्य किया जाएगा। बैठक में संगठनों ने शहर के ऐतिहासिक खिज्र मकबरा में पानी, सुरक्षा, लाईट, शौचालय तथा अन्य समस्याओं के बारे में उपायुक्त को अवगत करवाया।
इस पर उपायुक्त ने नगर निगम के अधिकारियों को तुरंत व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया। बैठक में एसडीएम सोनीपत सुभाष चंद्र, एसीपी अमित धनखड़, जिला शिक्षा अधिकारी नवीन गुलिया, सामाजिक, सोनीपत समाज पंचायत से संजय सिंगला, प्रवीण वर्मा, मोहन सिंह मनोचा, अशोक खत्री, रविन्द्र सरोहा, राजेश खत्री, संजय मोहन आदि मौजूद रहे।