सोनीपत। कामी रोड स्थित रामलीला मैदान की दीवार तोड़ने को लेकर श्री रामलीला सभा के सदस्यों ने पुलिस आयुक्त को ज्ञापन देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है। पुलिस आयुक्त ने सभा के सदस्यों को मामले में उचित कार्रवाई करने का आश्वासन देते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए।
सभा के प्रधान महेंद्र मंगला ने पुलिस आयुक्त को दिए ज्ञापन में बताया कि 5 नवंबर को कुछ लोगों ने रामलीला मैदान की दीवार तोड़कर वहां से रास्ता निकालने का प्रयास किया। आरोप है कि दीवार तोड़ने का मकसद मैदान के साथ लगती निजी जमीन के लिए जबरन रास्ता बनाना है, ताकि प्लॉट काटा जा सके। रामलीला मैदान की चहारदीवारी तत्कालीन सांसद किशन सिंह सांगवान ने 25 वर्ष पूर्व सांसद निधि कोष से बनवाई थी।
आरोप है रामलीला मैदान के पीछे की जमीन का मुख्य मार्ग से रास्ता नहीं है। इसलिए कुछ लोग रास्ता बनाने के उद्देश्य से जबरन मैदान की दीवार ताेड़ रहे हैं। सभा के सदस्य जब इस बात का विरोध करते हैं तो उन्हें जान से मारने की धमकी दी जाती है। पुलिस आयुक्त काे ज्ञापन देने के दौरान प्रदीप गौतम, अमित कुच्छल, राजकुमार गोयल, राजेंद्र, वीरेंद्र कटारिया, अधिवक्ता जयप्रकाश गौतम, मानिक गौतम, अनिल जैन, महेश शर्मा, नितिन कुच्छल, तरुण गोयल, बृजमोहन कुच्छल, हरिप्रकाश शर्मा, प्रवीण कुमार व ओमप्रकाश मौजूद रहे।