सोनीपत। गांव भटगांव में बिजलीघर के बाहर किसान मजदूर संघर्ष समिति के बैनर तले ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने गांव में 24 घंटे बिजली आपूर्ति की मांग को लेकर कार्यकारी अभियंता के नाम जेई को अपना ज्ञापन सौंपा।
समिति के संयोजक ईश्वर ने बताया कि गांव में घरों से बाहर बिजली मीटर लगाते समय स्वयं सरकार ने 24 घंटे बिजली देने का वादा किया था। लगभग सभी गांव में बिजली के मीटर घरों से बाहर लग चुके हैं। इसके बाद भी 24 घंटे बिजली आपूर्ति नहीं दी जा रही।
कहा कि आज देश बिजली उत्पादन में आत्मनिर्भर है। लेकिन गांव में मुश्किल से 19 या 20 घंटे बिजली आपूर्ति की जाती है। सरकार की इस वादा खिलाफी के कारण लोगों में आक्रोश है। यदि सरकार समय रहते अपना वादा पूरा नहीं करती तो भविष्य में इस मांग को लेकर आंदोलन खड़ा किया जाएगा।
किसान मजदूर संघ समिति के सदस्य बुधसिंह ने कहा कि 24 घंटे बिजली आपूर्ति न होने की वजह से हर घर में बिजली इनवर्टर का प्रयोग करना पड़ता है। यह बिजली भी वहीं से मिलती है जहां से 19-20 घंटे मिलती है। इस प्रक्रिया में 10 से 15 परसेंट पावर लॉस होता है। इसका भुगतान उपभोक्ता को ही करना पड़ता है।
किसान मजदूर संघर्ष समिति इस मांग को लेकर क्षेत्र में लोगों में जागृति पैदा करेगी, उनको संगठित करेगी और यदि सरकार इस मांग को समय रहते नहीं मानती है तो आंदोलन खड़ा किया जाएगा। इस दौरान सतबीर, अशोक, नवीन, रामनिवास, बबला, जगदीश, बलबीर सैनी, बलबीर खटक, जयभगवान, प्रवीन, आजाद भी मौजूद रहे।