: अंतर विश्वविद्यालय लॉन टेनिस चैंपियनशिप :
- तीसरे दिन महिला और पुरुष वर्ग में हुए रोमांचक मुकाबले, एमडीयू ने जामिया को 3-0 से हराया
फोटो : : 31 व 32
संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। दीनबंधु छोटू राम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीसीआरयूएसटी) मुरथल में चल रही अखिल भारतीय उत्तर क्षेत्रीय अंतर विश्वविद्यालय लॉन टेनिस चैंपियनशिप के तीसरे दिन खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। क्वार्टर फाइनल में दिल्ली विवि, एमडीयू रोहतक और सीसीयू मेरठ ने जीत दर्ज की।
महिला वर्ग में बेनेट यूनिवर्सिटी, नोएडा ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय (केयू), कुरुक्षेत्र को 2-1 से पराजित किया। उसके बाद शुरू हुए क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू), दिल्ली ने लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू), जालंधर को 2-0 से हराया। वहीं, चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू), मेरठ, यूपी ने सैम हिगिनबॉटम कृषि, प्रौद्योगिकी एवं विज्ञान विश्वविद्यालय (एसएचयूएटीएस), प्रयागराज को 2-0 से शिकस्त दी।
वहीं पुरुष वर्ग में महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू), रोहतक ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया (जेएमआई), नई दिल्ली को 3-0 से हराया। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू), मेरठ ने पंजाब कृषि विश्वविद्यालय (पीएयू), लुधियाना को 3-0 से पराजित किया।
खिलाड़ियों ने दिखाया शानदार खेल कौशल
विश्वविद्यालय के खेल निदेशक डॉ. बीरेंद्र सिंह हुड्डा ने बताया कि प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न विश्वविद्यालयों की महिला और पुरुष टीमें हिस्सा ले रही हैं। सभी टीमें खिताब जीतने के लिए बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। विश्वविद्यालय परिसर में 11 से 15 नवंबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में अब रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। खिलाड़ियों के प्रदर्शन से प्रतियोगिता में प्रतिस्पर्धा लगातार रोचक बनी हुई है।