खरखौदा बाईपास पर सड़क हादसे के बाद क्षतिग्रस्त खड़ी दिल्ली पुलिस के जवान की कार।
शहर के बाईपास पर दिल्ली चौक से गोपालपुर चौक के बीच हुए हादसे में अज्ञात वाहन की टक्कर से कार सवार दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल की मौत हो गई। वह दिल्ली में ड्यूटी खत्म कर अपने गांव जा रहे थे। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
झज्जर के गांव बरहाना का रहने वाला विजय कुमार दिल्ली पुलिस में हेड कांस्टेबल था और रोहिणी, दिल्ली में कार्यरत था। वह शनिवार सुबह अपनी ड्यूटी खत्म कर कार से घर के लिए चला था। जब वह खरखौदा बाइपास पर दिल्ली चौक व गोपालपुर चौक के बीच में पहुंचा तो अज्ञात वाहन ने उसकी कार को टक्कर मार दी। जिससे वह बुरी तरह से घायल हो गया।
वहीं हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से अपने वाहन को भी लेकर फरार हो गया। घायल को खरखौदा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के लिए पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर सामान्य अस्पताल, सोनीपत में पोस्टमार्टम करवाया और शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने विजय के भाई सुरेश की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
खरखौदा बाइपास पर सड़क हादसे में दिल्ली पुलिस के जवान की मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम करवा दिया गया है। उसके भाई के बयान पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। -जसबीर सिंह, थाना प्रभारी खरखौदा।