शेखपुरा के यूनिक स्टेडियम में रविवार को दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सांसद भोजपुरी अभिनेता मनोज तिवारी के मैच खेलने आने के मामले में एसडीएम स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने स्टेडियम के एमडी को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। क्योंकि वहां मनोज तिवारी के साथ मैच खेलते हुए लॉकडाउन का उल्लंघन किया गया और खेल स्टेडियम के लिए जारी किए गए नियमों का पालन नहीं किया गया था।
एसडीएम स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने नोटिस में कहा है कि क्रिकेट मैच के आयोजन की स्वीकृति किस अधिकारी द्वारा प्रदान की गई है। साथ ही यह भी जवाब मांगा गया कि क्रिकेट खेलने से पहले स्टेडियम को सैनिटाइज करवाया गया था या नहीं। स्टेडियम में मैच के दौरान शारीरिक दूरी का भी ध्यान नहीं रखा गया। वहां अधिकतर खिलाड़ियों ने मास्क भी नहीं लगा रखे था। इसका जवाब स्टेडियम एमडी सनथ जैन को 24 घंटे के अंदर स्वयं उपस्थित होकर देना होगा।
साथ ही एसडीएम स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने निर्देश भी दिए हैं कि यदि वह सबूतों के साथ उपस्थित नहीं हुए तो मैच व समारोह में शामिल सभी लोगों के खिलाफ लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर धारा 188 के तहत कार्रवाई की जाएगी। इस तरह से स्टेडियम के एमडी के साथ ही भाजपा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी के लिए भी परेशानी बढ़ती दिख रही है। अगर एमडी ऐसे सबूत नहीं दिखा सके, जिससे लॉकडाउन का उल्लंघन नहीं होने के साथ ही नियमों का पालन किए जाने की बात साबित नहीं हो सकी तो उन सभी पर मुकदमा दर्ज हो सकता है।