फोटो 14: सोनीपत के महलाना रोड पर बूस्टिंग स्टेशन का निरीक्षण करते मेयर राजीव जैन। स्रोत: प्रवक्
सोनीपत। विश्व जल दिवस के मौके पर शनिवार को मेयर राजीव जैन ने शहर के पश्चिमी क्षेत्र में बूस्टिंग स्टेशनों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि गर्मी शुरू होने से पहले बूस्टिंग स्टेशनों पर अतिरिक्त मोटर, जनरेटर व स्टाफ की व्यवस्था की जाए, ताकि लोगों को पानी के लिए तरसना न पड़े।
मेयर ने ककरोई रोड के पास ट्रायल पर शुरू किए गए जल शोधन संयंत्र का निरीक्षण किया। उसके बाद महलाना रोड, मिनी सचिवालय, सदर थाना के पास, पुरानी तहसील और कालूपुर चुंगी पर बने बूस्टिंग स्टेशनों की जानकारी ली। उन्होंने कालूपुर चुंगी पर निर्माणाधीन पानी के टैंक का कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
मेयर ने बताया कि मिनी सचिवालय के बूस्टिंग स्टेशन पर ट्रांसफार्मर का हैंडल टूटा हुआ मिला। इसकी वजह से बार-बार बिजली कट होने पर दोबारा शुरू करने में परेशानी होती है। इलेक्ट्रिक पैनल भी कई माह से खराब है। सदर थाना बूस्टिंग स्टेशन पर मोटर खराब मिली। उसे गर्मी से पहले ठीक करने के निर्देश दिए हैं। मेयर ने बताया कि 30 लाख रुपये से लहराड़ा से कालूपुर चुंगी तक लाइन डालकर बूस्टिंग स्टेशन को ककरोई रोड पर निर्मित जल शोधन संयंत्र से जोड़ा जाएगा। उसके बाद लहराड़ा, काठ मंडी, प्रभु नगर मंडी, गोकुल नगर में पेयजल की समस्या नहीं रहेगी। सरस्वती विहार व गढ़ी ब्राह्मणान में ट्यूबवेल के बजाए नहर का पानी एक माह में शुरू किया जाएगा।