फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sonipat News: रेलवे लाइन के कांटे में पासा डिवाइडर में मिली खामी, कर्मचारियों को फटकार

Wed, 06 Nov 2024 02:19 AM IST
रोहतक ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सोनीपत
विज्ञापन
विज्ञापन
सोनीपत। रेलवे बोर्ड के महानिदेशक (सुरक्षा) हरि शंकर वर्मा ने मंगलवार को दिल्ली मंडल के रेलवे अधिकारियों के साथ सोनीपत स्टेशन का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने करीब सवा घंटे तक अधिकारियों के साथ स्टेशन परिसर के कोने-कोने का जायजा लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। दोपहर 3:38 बजे सोनीपत पहुंचे महानिदेशक ने अधिकारियों के साथ रेलवे स्टेशन की सुरक्षा को और पुख्ता करने की बात कही, साथ ही स्टेशन पर की गई व्यवस्थाओं को परखा।
विज्ञापन

महानिदेशक (सुरक्षा) हरि शंकर वर्मा दिल्ली से विशेष रेलवे यान से दोपहर 3:38 बजे सोनीपत स्टेशन के प्लेटफाॅर्म संख्या दो पर पहुंचे। उन्होंने पूरे स्टेशन का निरीक्षण करते हुए रेलवे लाइनों, सिग्नल, कांटों की जांच की। पानीपत की ओर रेलवे लाइन के कांटे में पासा डिवाइडर थोड़ा झड़ा हुआ मिला। अगर पासा डिवाइडर में ज्यादा जंग लग जाता है तो गाड़ी को दूसरी पटरी पर बदलने में परेशानी खड़ी हो सकती है, इसलिए महानिदेशक ने कर्मचारियों को फटकार लगाते हुए खामी दूर करने के निर्देश दिए।
इसके बाद महानिदेशक सीधे सिग्नल व पैनल कक्ष में पहुंचे। यहां उन्होंने कर्मचारियों से बातचीत कर व्यवस्था को दुरुस्त बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने रेलवे स्टेशन पर अमृत योजना के तहत चल रहे कायाकल्प कार्यों की भी जानकारी ली। अधिकारियों को निर्माण को बेहतर तरीके से करवाने के निर्देश दिए। रेलवे पीएससीओ डिंपी गर्ग, सीनियर डीओएम छवि शर्मा, सीनियर डीएसओ मंगल सिंह, मुख्य वाणिज्यिक निरीक्षक मुकेश कुमार, सीनियर सेक्शन इंजीनियर नरेश कुमार, स्टेशन अधीक्षक सुनील कुमार, आरपीएफ थाना प्रभारी संगम व आरपीएफ के उपनिरीक्षक महावीर सिंह मौजूद रहे।
विज्ञापन

आधुनिक सुविधाओं के साथ सुरक्षा पर ज्यादा ध्यान
महानिदेशक (सुरक्षा) हरि शंकर वर्मा ने अधिकारियों के साथ स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लाइनों, सिग्नल, कांटों व पैनल संबंधी विषयों पर चर्चा की। सुविधाएं बढ़ाने के साथ स्टेशन की सुरक्षा पर भी ज्यादा ध्यान देने की बात कही। महानिदेशक के अचानक आगमन को लेकर स्टेशन पर सभी अधिकारी व्यवस्था दुरुस्त करने में जुटे रहे। जीआरपी व आरपीएफ ने रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वार पर खड़े होने वाले ऑटाे रिक्शा को हटवा दिया। करीब सवा घंटे के निरीक्षण के बाद महानिदेशक अधिकारियों के साथ विशेष रेलवे यान से शाम 4:52 बजे दिल्ली की तरफ रवाना हो गए।
ट्रेनों की बढ़ाई जा रही गति व संत समागम भी निरीक्षण का कारण
अधिकारियों का कहना है कि दिल्ली-अंबाला रेलमार्ग पर ट्रेनाें की गति बढ़ाई जा रही है। इसी के चलते महानिदेशक ने सोनीपत स्टेशन पर सुरक्षा का जायजा लिया, ताकि सुरक्षा के मद्देनजर आने वाली खामियां ट्रेनों की गति में रुकावट न बन सकें। 16 से 18 नवंबर तक सोनीपत के भोड़वाल माजरी स्टेशन के पास संत निरंकारी समागम का आयोजन किया जा रहा है। समागम में हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, महाराष्ट्र सहित देशभर के श्रद्धालु जुटेंगे। रेलमार्ग से भी लाखाें यात्रियों का समागम में आवागमन होगा। ऐसे में रेलवे के उच्चाधिकारी भी सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए हुए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें