फोटो 40: सोनीपत की एक कॉलोनी में महिला के रक्त जांच के लिए नमूने लेता स्वास्थ्य कर्मी। स्रोत: स
सोनीपत। डेंगू के संक्रमित लगातार मिल रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से डेंगू पर नियंत्रण के लिए पुख्ता कदम उठाने का दावा किया जा रहा है, लेकिन हकीकत कुछ और बयां कर रही है। मंगलवार को डेंगू के 23 संक्रमित मिले हैं। अब डेंगू के संक्रमितों का आंकड़ा 300 तक पहुंच गया है। इस साल 9 अक्तूबर को डेंगू संक्रमितों का आंकड़ा 100 के पार पहुंचा था। अब एक माह के अंदर 200 संक्रमित मिले हैं।
नागरिक अस्पताल में रोजाना 600 से ज्यादा बुखार, खांसी, जुकाम से पीड़ित मरीज पहुंच रहे हैं। निजी अस्पतालों में भी मरीजों की भीड़ लग रही है। शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में डेंगू-मलेरिया की दस्तक व घर-घर में वायरल के मरीज मिल रहे हैं। मंगलवार को एक दिन में सबसे ज्यादा डेंगू के 23 संक्रमित मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार घर-घर सर्वे कर रही हैं। जांच के दौरान संदिग्ध मरीज मिलने के बाद परिजनों व पड़ोस में रहने वाले लोगों के रक्त के नमूने लिए जा रहे हैं। डेंगू की जांच कराने के लिए मरीजों को जिला नागरिक अस्पताल व खानपुर कलां स्थित बीपीएस राजकीय महिला कॉलेज अस्पताल की डेंगू लैब में भेजा जा रहा है।
इन स्थानों पर मिले डेंगू संक्रमित
शनिवार को अकेले शहरी क्षेत्र में डेंगू के 19 संक्रमित मिले हैं। वहीं गांव धतूरी, मुरथल, नांगल खुर्द व भिगान में डेंगू संक्रमित मिले हैं। नगर निगम व पंचायतों के साथ मिल कर अलग-अलग वार्डों व ग्रामीण क्षेत्र में फागिंग कराई जा रही है, जिससे डेंगू पर काबू पाया जा सके।
वायरल बुखार की चपेट में भी लोग आ रहे हैं, जिसमें डेंगू की आशंका को देखते हुए नमूने लिए जा रहे हैं। डेंगू संक्रमितों की बढ़ती संख्या को देखते हुए एमपीएचडब्ल्यू के माध्यम से लगातार घर-घर सर्वे कराया जा रहा है।
- डॉ. आशा सहरावत, जिला मलेरिया अधिकारी