सोनीपत। हिस्ट्रीशीटर दीपक गुहणा की गोलियां मारकर हत्या करने व उसके दोस्त मंदीप को घायल करने के मामले में कार सवार एयर इंडिया के पायलट के बयान पर मुकदमा दर्ज किया है। पायलट मंदीप के चचेरे भाई के दोस्त हैं और दिल्ली से दीपक और मंदीप के साथ आ रहे थे। पुलिस ने खानपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में दीपक के शव का पोस्टमार्टम कराया है। मामले में गांव भूर्री के राहुल को संदिग्ध मानकर मुकदमा दर्ज किया गया है।
जालंधर जिले के गांव दकोहा निवासी प्रीत कमल सिंह ने मुरथल थाना पुलिस को बताया है कि एयर इंडिया में दिल्ली में पायलट हैं। गांव मुरथल निवासी कपिल आंतिल उनके दोस्त हैं और वह भी पायलट हैं। वह दो दिन से कपिल से संपर्क करने का प्रयास कर रहे थे। कपिल ने मैसेज कर एक मोबाइल नंबर भेजा। जब वह महिपालपुर में थे तो उन्होंने उस नंबर पर कॉल की थी। जिसके बाद उन्होंने उन्हें दिल्ली में ही पीतमपुरा के पास बुलाया था। जब वह उनके पास पहुंचे तो कार में गांव गुहणा निवासी दीपक उर्फ भांजा व कपिल का चचेरा भाई मंदीप भी थे। कार को मंदीप चला रहे थे और दीपक पिछली सीट पर बैठा था। दिल्ली से चलकर उन्होंने कुमासपुर के पास वीर ढाबा के निकट कार रोकी थी। अचानक एक दूसरी कार आकर ठहरी थी। इसमें 3-4 युवक उतरे और उन्होंने दीपक पर गोलियां बरसा दी थीं। मंदीप को भी गर्दन में गोली लगी थी। वह खुशकिस्मत थे कि हमले में बच गए।
हमलावर बोला- राहुल भूर्री अपना काम पूरा करता है...
प्रीत कमल सिंह ने पुलिस को बताया कि एक आरोपी बोल रहा था कि राहुल भूर्री अपना काम पूरा करता है। हमलावरों ने जब गोलियां बरसाई तो कार के शीशे खुले थे। कार के दोनों तरफ से गोलियां मारी गई हैं।
राहुल भूर्री पर हत्या समेत 13-14 मुकदमे दर्ज
दीपक हत्याकांड में पुलिस ने गांव भूर्री के राहुल भूर्री को नामजद किया है। उस पर पहले भी 13-14 मुकदमे दर्ज हैं। इसमें पानीपत में वर्ष 2019 का हत्या का मुकदमा भी है। इसके अलावा पानीपत में रंगदारी व षड्यंत्र का भी मुकदमा है। इसके अलावा भी मारपीट व अवैध शस्त्र अधिनियम के मुकदमे है। वह वर्ष 2023 में पानीपत जेल से जमानत पर आया था।
सोशल मीडिया पर रहता है सक्रिय
राहुल भूर्री सोशल मीडिया पर सक्रिय रहता है। वह राकेश पंपू गैंग से जुड़ा है। वह इंस्ट्राग्राम व फेसबुक पर राकेश पंपू के साथ काफी वीडियो शेयर करता है। राकेश पंपू पहले ही दीपक पर हमले का षड्यंत्र रचने में नामजद रहा है। उसने अपने रिश्तेदार विनोद की हत्या का बदला लेने को दीपक पर हमला करवाने की साजिश रची थी।
मंदीप की हालत गंभीर, रोहतक रेफर
हमले में घायल हुए मंदीप की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे गर्दन में गोली मारी गई थी। उसे खानपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल से रोहतक पीजीआई रेफर किया गया है। पुलिस उसके बयान दर्ज करने की कोशिश कर रही है।
युवक की हत्या के मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है। हमले में घायल युवक को रोहतक पीजीआई में उपचार दिया जा रहा है। पुलिस मामले में हर पहलू पर जांच कर रही है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
रविंद्र सिंह, पुलिस प्रवक्ता सोनीपत