सोनीपत। जीवीएम कन्या महाविद्यालय में अमर उजाला की तरफ से सोशल मीडिया पर प्रतिबंध देश हित में जरूरी विषय पर शुक्रवार को श्री मुरारीलाल माहेश्वरी स्मृति जिला स्तरीय वाद विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने खुलकर अपने विचार रखे। कार्यक्रम में दीनबंधुु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मुरथल के कुलपति प्रो. राजेंद्र कुमार अनायत ने विजेताओं को पुरस्कृत किया। प्रतियोगिता में जिले भर के 13 कालेजों से 26 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में सीसीएस जैन कालेज गन्नौर की छात्रा प्रेरणा ने पहला स्थान हासिल किया।
सोशल मीडिया पर प्रतिबंध देश हित में जरूरी है विषय को लेकर पक्ष और विपक्ष में विद्यार्थियों ने अपने विचार रखे। विद्यार्थियों ने बताया कि आखिर किस तरह से सोशल मीडिया के सहारे किसी एक की आवाज को देश की आवाज बनाया गया है और उसके साथ अन्याय करने वालों को सजा दिलाई गई। वहीं सोशल मीडिया के सहारे अपराध में बढ़ोतरी होने की बात भी विद्यार्थियों ने बताई।
इन्होंने मारी बाजी, मिला नकद पुरस्कार
प्रतियोगिता में सीसीएस जैन कॉलेज गन्नौर की प्रेरणा ने पहला, हिंदू कॉलेज के प्रणव ने दूसरा और ताऊ देवीलाल महिला महाविद्यालय मुरथल की भावना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं जीवीएम कन्या महाविद्यालय की चहक और सीआरए कॉलेज के कमल को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। विजेता को पांच हजार, द्वितीय स्थान पर रहे प्रतिभागी को तीन हजार, तृतीय स्थान के प्रतिभागी को दो हजार व सांत्वना पुरस्कार में एक-एक हजार रुपये की राशि व प्रशस्तिपत्र दिया गया।
तकनीक बेहद जरूरी, पर खुद पर हावी ने होने दें : प्रो अनायत
मुरथल विवि के कुलपति राजेंद्र कुमार अनायत ने विजेताओं को पुरस्कृत करते हुए कहा कि वर्तमान में सोशल मीडिया समाज का अभिन्न अंग बनता जा रहा है। विकास के लिए तकनीक का जीवन में धारण करना बेहद जरूरी है, लेकिन तकनीक को खुद पर हावी भी नहीं होने देना चाहिए। जीवीएम कन्या महाविद्यालय की प्राचार्य डा. ज्योति जुनेजा ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों के आयोजन से विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को इस तरह की प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। वाद-विवाद प्रतियोगिता में दीनबंधुु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मुरथल के प्रोफसर सुखदीप सांगवान और डॉ. पवन दहिया के साथ ही जीवीएम गर्ल्स कॉलेज की प्रोफेसर अनीता गाबा निर्णायक मंडल में शामिल रहीं। कार्यक्रम में भूमिका शर्मा ने मंच संचालन किया।