सोनीपत। कोरोना के केस भले ही कम होने लगे हैं, लेकिन मौत का आंकड़ा कम होता नहीं दिख रहा है। वहीं गांवों के अंदर भी लोगों की मौत का सिलसिला अभी नहीं थम रहा है। अब भैरा बांकीपुर गांव में करीब 15 दिन के अंदर 18 लोगों की मौत होने का मामला सामने आया है। गांव में कई की बुखार आने के बाद मौत हुई तो किसी की अचानक ही मौत हो गई। इसको देखते हुए ही गांव में जागरूकता अभियान शुरू किया गया है और लोगों से मास्क लगाने के साथ ही सैनिटाइजर के इस्तेमाल की अपील की जा रही है। लोगों को जरूरी काम होने पर ही घर से निकलने के लिए भी कहा जा रहा है।
भैरा बांकीपुर में पिछले करीब 15 दिन में 18 लोगों की मौत हुई है और ग्रामीणों ने उसकी सूची तक जारी की। जिसमें मृतकों के साथ ही उनके परिजनों के बारे में जानकारी दी गई है। गांव में मरने वाले कोई एक उम्र के नहीं हैं, बल्कि वहां 40 वर्ष से लेकर 90 वर्ष तक वालों की मौत हुई है। उनमें भी किसी ने अपने भाई को खोया है तो किसी का बेटा चला गया और किसी की पत्नी की मौत हो गई है। गांव के रहने वाले पूर्व ब्लॉक समिति सदस्य सतीश कुमार ने बताया कि जिस तरह से पिछले कुछ दिनों से गांव में लगातार मौत हो रही है। उसको देखते हुए गांव में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है और लोगों से अपील की जा रही है कि वह लॉकडाउन का पालन करने के साथ ही मास्क लगाएं। किसी को जरूरी काम से घर से बाहर निकलना है तो वह कोरोना से बचाव के सभी नियमों का पालन करें। वहीं डीसी श्यामलाल पूनिया का कहना है कि सभी गांवों में टीमों को लगाकर जांच कराई जा रही है। भैरा बांकीपुर में किस कारण से मौत हुई है, इसका पता कराया जाएगा और वहां लोगों की जांच कराई जाएगी।