सोनीपत के खरखौदा में दिल्ली मार्ग के पास युवक के आत्महत्या करने पर जांच करने पहुंचे पुलिस। संव
खरखौदा। शहर के दिल्ली मार्ग पर रहने वाले एक युवक ने संदिग्ध हालात में घर के बरामदे में फंदा लगा आत्महत्या कर ली। सोमवार तड़के जब उनके पिता अपने कमरे से बाहर निकले तो दरवाजा बाहर से बंद मिला। इस पर उन्होंने गली से गुजर रहे युवक को खिड़की से आवाज देकर दरवाजा बंद होने की बात कही और कुंडी खुलवाई। बाहर बरामदे में अभिषेक का शव फंदे पर लटक रहा था। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लिया और नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
दिल्ली मार्ग पर गुरुकुल वाली गली के सामने वाली गली में रहने वाले अभिषेक (25) कुछ समय पहले तक एक कंपनी में कार्यरत थे। वर्तमान में वह नौकरी छोड़कर घर पर ही रहते थे। अभिषेक के पिता महाबीर सिंह का कहना है कि वह रविवार रात 8:30 बजे घर पर आए थे। जिसके बाद सभी ने खाना खाया और कुछ देर बात करने के बाद वह अपने कमरे में जाकर सो गए थे। अभिषेक रात 12 बजे तक अपनी मां के साथ बात करते रहे, जिसके बाद वह भी सो गए थे। वह सोमवार तड़के करीब चार बजे उठे और अपने कमरे का दरवाजा खोलना चाहा तो दरवाजा बाहर से बंद था। ऐसे में उन्होंने खिड़की से गली में से गुजर रहे युवक को देखकर आवाज लगाई। इसके बाद उस युवक ने घर के आंगन में आकर उनके कमरे का दरवाजा खोला तो उन्होंने पाया कि बरामदे में अभिषेक का शव लटका रहा था। सूचना पाकर खरखौदा पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। जिसके बाद शव को अपने कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। अभिषेक अपने माता पिता के इकलौता बेटे थे, उनकी दो बहनों की शादी हो चुकी है।
सोनीपत के खरखौदा में दिल्ली मार्ग के पास युवक के आत्महत्या करने पर जांच करने पहुंचे पुलिस। संव