संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी मनीष मलिक के कई घंटे तक घर नहीं लौटने से रविवार को प्रशासनिक और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत उनकी तलाश शुरू कर दी। करीब दस घंटे बाद उन्हें पानीपत के मनाना गांव के पास से बरामद कर लिया गया।
कुमासपुर के पास स्थित एल्डिको सिटी निवासी सविता ने बहालगढ़ थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई कि उनके पति मनीष मलिक सोनीपत में जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी है। रविवार सुबह करीब नौ बजे वह घर से टहलने के लिए निकले थे लेकिन अपना मोबाइल घर पर ही छोड़ गए थे।
दोपहर बाद भी जब वह नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता होने लगी। जब उनसे कोई संपर्क नहीं हुआ तो परिवार ने पुलिस को सूचना दी। शिकायत मिलने के बाद बहालगढ़ थाना पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी महेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने आसपास के क्षेत्रों में तलाश शुरू की।
साथ ही पानीपत पुलिस को भी सूचित कर दिया गया। पुलिस ने शहर और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली। पुलिस टीम पानीपत के गांव मनाना की ओर पहुंची जहां मनीष मलिक मिल गए। मनाना गांव कुमासपुर से करीब 35 से 40 किलोमीटर दूर है।
पुलिस के अनुसार मनीष मलिक ने उन्हें बताया कि वह घर से टहलने के लिए निकले थे। इसी दौरान मनाना गांव की ओर पहुंच गए। हालांकि, वह वहां तक कैसे पहुंचे और किस कारण से इतनी दूर चले गए इस बारे में उन्होंने कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी।