फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sonipat News: अतिरिक्त कार्यभार के विरोध में डीसीआरयूएसटी के शिक्षकों ने जताया रोष

Sat, 23 Mar 2024 01:55 PM IST
रोहतक ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सोनीपत
विज्ञापन
विज्ञापन
सोनीपत। दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीसीआरयूएसटी) मुरथल के शिक्षकों ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शिक्षकों ने रोष जताते हुए कहा कि अब वे शिक्षण के अलावा अन्य अतिरिक्त कार्य नहीं करेंगे। डीक्रूटा ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर विद्यार्थियों के हितों के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए विवि प्रशासन के तुगलकी फरमान की प्रतियां जलाकर रोष प्रकट किया।
विज्ञापन

मुरथल विवि के शिक्षक संगठन डीक्रूटा के बैनर तले सभी शिक्षकों ने शुक्रवार को आकस्मिक बैठक बुलाई। इसमें शिक्षकों ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन तानाशाही पर उतर आया है। शिक्षकों ने कहा है कि विवि प्रशासन ने दोपहर बाद तीन बजे से पहले प्रशासनिक भवन में किसी भी शिक्षक, कर्मचारी या विद्यार्थी का प्रवेश बंद कर दिया है। कमेटियों पर कमेटियां बनाकर शिक्षण कार्य को अव्यवस्थित करने का प्रयास किया जा रहा है। कहा कि विवि प्रशासन का यही रवैया रहा तो शिक्षक विवि प्रशासन के खिलाफ लंबा आंदोलन चलाएंगे।
शिक्षकों ने कहा कि विश्वविद्यालय की तरफ से एक अन्य आदेश में कहा गया है कि यदि किसी शिक्षक या अन्य कर्मचारी को आकस्मिक अवकाश चाहिए तो उसे ऑनलाइन माध्यम से अनुमति लेनी होगी। डीक्रूटा ने निर्णय लिया है कि विश्वविद्यालय प्रशासन की तुगलकी कार्यप्रणाली का विरोध जारी रखा जाएगा। विद्यार्थियों के हितों के साथ खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। इस दौरान प्रधान प्रो. सुरेंद्र दहिया, उपप्रधान डाॅ. अनिल यादव, सचिव डाॅ. अजमेर सिंह, सह सचिव डाॅ. विकास व कोषाध्यक्ष डाॅ. ममता भगत सहित अन्य मौजूद रहे।
विज्ञापन

नहीं हो पाए वार्षिक खेलकूद

शिक्षकों का आरोप है कि वार्षिक खेलकूद की फाइल को मंजूरी देने के बजाय यहां-वहां घुमाया गया। इसकी वजह से शैक्षणिक सत्र में खेलकूद नहीं हो पाए। अब टेक्नो फेस्ट को भी टालने का प्रयास किया जा रहा है। विद्यार्थियों ने कानपुर आईआईटी में होने वाली प्रतियोगिता के लिए मंजूरी मांगी तो उन्हें मंजूरी नहीं दी गई। विद्यार्थी अपने खर्च पर कानपुर प्रतियोगिता में पहुंचे और तृतीय पुरस्कार जीतकर लौटे।
वर्जन

शिक्षकों ने कार्यालय में कोई ज्ञापन सौंपा है। शिक्षकों की क्या मांगें हैं, इस बारे में मुझे कोई जानकारी नहीं है। मामले की जानकारी लेकर कुलपति को अवगत कराया जाएगा। शिक्षकों, कर्मचारियों व विद्यार्थियों के सामने किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी।-प्रो. अजय मांगा, रजिस्ट्रार, डीसीआरयूएसटी, मुरथल

वर्जन
मैं विश्वविद्यालय में नहीं था, किसी कार्य से बाहर गया हूं। विवि के शिक्षकों ने किसी प्रकार की बैठक की है, इसकी फिलहाल कोई जानकारी नहीं है। मामले में विवि लौटने के बाद ही शिक्षकों से बातचीत की जाएगी। शिक्षकों को कोई परेशानी है तो उसका समाधान किया जाएगा।-प्रो. श्रीप्रकाश सिंह, कुलपति, डीसीआरयूएसटी, मुरथल
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें