फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sonipat News: डीसीआरयूएसटी के पूर्व छात्र अब संवारेंगे विद्यार्थियों का भविष्य, हर छात्र को प्लेसमेंट दिलाने का लक्ष्य

विज्ञापन
विज्ञापन
- पूर्व छात्र सम्मेलन में 1997-2001 बैच ने लिया संकल्प, सत्र 2026-27 में हर पूर्व छात्र कम से कम एक विद्यार्थी को दिलाएगा नौकरी
विज्ञापन

- प्रशिक्षण, सेमिनार, कार्यशालाओं और व्यक्तिगत मेंटरिंग के जरिए विद्यार्थियों को उद्योगों से जोड़ेंगे पूर्व छात्र
फोटो 37: सोनीपत के डीसीआरयूएसटी, मुरथल में आयाेजित सम्मेलन के दौरान पूर्व छात्रों के साथ कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह व अन्य। स्रोत: विवि
संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीसीआरयूएसटी), मुरथल के विद्यार्थियों के लिए रोजगार के नए अवसर खुलने की उम्मीद जगी है। पूर्व छात्र अब केवल अपनी पुरानी यादें ताजा करने तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि संस्थान के विकास और विद्यार्थियों के कॅरिअर निर्माण में भी सक्रिय भूमिका निभाएंगे। विवि में आयोजित पूर्व छात्र सम्मेलन-2026 में 1997-2001 बैच के पूर्व छात्रों ने सत्र 2026-27 के दौरान प्रत्येक पूर्व छात्र की ओर से कम से कम एक विद्यार्थी को प्लेसमेंट दिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया। इसके साथ ही विद्यार्थियों को तकनीकी प्रशिक्षण, उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप कौशल विकास और व्यक्तिगत मार्गदर्शन देने का भी संकल्प लिया।
कुलपति प्रो. श्री प्रकाश सिंह ने पूर्व छात्रों से विवि के साथ अपने संबंधों को मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पूर्व छात्र किसी भी शिक्षण संस्थान की सबसे बड़ी ताकत होते हैं और वे संस्थान की उपलब्धियों के जीवंत प्रतिनिधि हैं। पूर्व छात्रों के अनुभव, विशेषज्ञता, संपर्क और औद्योगिक क्षेत्र से जुड़ाव का लाभ वर्तमान विद्यार्थियों को मिलना चाहिए। इससे विद्यार्थियों को रोजगार की वास्तविक परिस्थितियों और उद्योगों की अपेक्षाओं को समझने में मदद मिलेगी।
विज्ञापन

एक पूर्व छात्र-एक विद्यार्थी से रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
1997-2001 बैच के पूर्व छात्रों ने विद्यार्थियों के भविष्य को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण पहल करने का भरोसा दिया। इसके तहत वन-टू-वन मेंटरिंग, तकनीकी प्रशिक्षण, सेमिनार और कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। पूर्व छात्र अपने कार्यक्षेत्र और कंपनियों के अनुभव विद्यार्थियों के साथ साझा करेंगे। साथ ही अपने संगठनों में विद्यार्थियों के लिए रोजगार और प्रशिक्षण के अवसर उपलब्ध कराने, विश्वविद्यालय और औद्योगिक संस्थानों के बीच एमओयू कराने में भी सहयोग करेंगे।
25 साल में बदला विश्वविद्यालय का स्वरूप, पुरानी यादें हुईं ताजा
पूर्व छात्रों ने अपने पुराने विभागों के अलावा केंद्रीय कार्यशाला, सरस्वती पुस्तकालय, विश्वविद्यालय सभागार, अटल अकादमी, आइडिया लैब और प्रशिक्षण एवं नियोजन कार्यालय का भ्रमण किया। पूर्व छात्रों ने करीब 25 वर्षों में विश्वविद्यालय में हुए बदलावों और विकसित हुई नई सुविधाओं को देखा। पुराने परिसर में पहुंचकर उन्होंने अपने छात्र जीवन से जुड़ी यादें भी साझा कीं।
विज्ञापन


देश-विदेश की प्रमुख कंपनियों में सेवाएं दे रहे पूर्व छात्र
सम्मेलन में शामिल पूर्व छात्रों में कई सरकारी विभागों में कार्यरत हैं, जबकि अनेक देश की प्रमुख निजी कंपनियों में महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दे रहे हैं। इनमें जफरुद्दीन (रिवुलेट इंजीनियरिंग कंसल्टेंसी), राजीव हसीजा (मार्वेल सेमीकंडक्टर), अशोक कुमार (डाइकिन एयर कंडीशनिंग), हितेश कुमार (कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय), प्रशांत नारंग (कैडेंस डिजाइन सिस्टम्स), राकेश कौशिक (सिनॉप्सिस इंडिया), मयंक सिंघल (नोकिया नेटवर्क्स) और अभिषेक छाबड़ा (एक्सेंचर कंसल्टिंग) शामिल रहे। पूर्व छात्र जफरुद्दीन को पूर्व में प्लेसमेंट और सेमिनारों के आयोजन में दिए गए योगदान के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। पूर्व छात्र संघ के अध्यक्ष डॉ. सतपाल और पूर्व छात्र समन्वयक डॉ. मनोज पंवार ने सम्मेलन में पंजीकरण और पूर्व छात्रों की भागीदारी का समन्वय किया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें