फोटो 30- सोनीपत के गन्नौर के गांव सरढाना में ग्रामीणों को जागरूक करती डीसीपी प्रबीना पी.। संवाद
गन्नौर। गांव सरढाना में वीरवार को डीसीपी प्रबीना पी. की तरफ से ग्रामीणों को साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
डीसीपी ने कहा कि आज के समय में साइबर ठगी के नए तरीके सामने आ रहे हैं। ठग खुद को पुलिस बता कर लोगों से रुपये ऐंठने का प्रयास करते हैं। जो व्यक्ति खुद को पुलिस वाला बता कर डिजिटल अरेस्ट करने की बात कहे, उसकी बातों में ना आएं। उस फोन नंबर को या तो ब्लैक लिस्ट में डाल दें या फिर फोन को ना उठाएं।
डीसीपी ने ऑनलाइन वित्तीय ठगी, फेसबुक हैकिंग, फर्जी वेबसाइट व बारकोड के माध्यम से होने वाली धोखाधड़ी, व्हाट्सएप हैकिंग से बचाव के संबंध में सावधानियां बरतने की सलाह दी। डीसीपी ने कहा कि अगर इस तरह के मामले में किसी व्यक्ति के साथ धोखाधड़ी होता है तो वह तत्काल राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर काॅल करके शिकायत दर्ज कराएं। एक घंटे के अंदर इस नंबर पर शिकायत होने के बाद जो पैसा जिन-जिन अकाउंट में गया है, उसे ट्रेस किया जा सकता है। जिस अकाउंट में पैसा रहेगा, उसे ब्लाॅक करवाया जा सकता है। इसके बाद एफआईआर होने पर वह पैसा कोर्ट के माध्यम से आपको वापस मिल सकता है। इस मौके पर गन्नौर थाना प्रभारी जसपाल सिंह, खुबड़ू चौकी प्रभारी विकास ढांडा, एसए अजय कुमार सहित अन्य मौजूद रहे।