सड़क पर अतिक्रमण करने वाले को चेताते डीसीपी व थाना प्रभारी। संवाद
खरखौदा। डीसीपी नरेंद्र कादियान ने वीरवार को शहर के मुख्य मार्गों का निरीक्षण किया। इस दौरान सड़कों पर किए गए अतिक्रमण को लेकर डीसीपी नाराज दिखे और उन्होंने अतिक्रमण करने वालों पर सख्ती बरतने के आदेश भी दिए। डीसीपी ने न केवल ट्रैफिक यूनिट को बुलाकर चालान कराए बल्कि सड़क पर खड़ी रेहड़ी व दुकानदारों द्वारा रखे सामान को लेकर उन्होंने फटकार लगाते हुए चेतावनी भी दी।
डीसीपी ने एसीपी खरखौदा जोगिंद्र शर्मा को रूटीन में शहर की सड़कों का निरीक्षण करने के साथ ही थाना प्रभारी पवन कुमार को अतिक्रमण करने वालों पर सख्ती बरतने की बात कही। डीसीपी नरेंद्र कादियान वीरवार को खरखौदा पहुंचे और शहर की मुख्य सड़कों का जायजा लिया। इस दौरान एसीपी जोगिंद्र शर्मा, थाना प्रभारी पवन कुमार व पुलिस बल मौजूद रहा। पैदल ही सड़कों का दौरा करने के दौरान सड़क पर रेहड़ी वालों को उन्होंने हद में रहने की बात कही।
वहीं दिल्ली चौक पर काफी आगे तक सामान रखकर बेचने वाले एक दुकानदार पर नाराजगी जाहिर करते हुए डीसीपी ने कहा कि इस प्रकार से कोई सड़क पर सामान रखता है क्या। इसके बाद सड़क पर यहां-वहां खड़े वाहनों का डीसीपी ने ट्रैफिक यूनिट को बुलाकर चालान कराया। वहीं थाना प्रभारी पवन कुमार ने कहा कि व्यवस्था ठीक नहीं है, सड़क पर अतिक्रमण का बुरा हाल हैं। ऐसे में अतिक्रमण करने वालों पर सख्ती बरतें और न मानने वालों के चालान भी करें।