सोनीपत। उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार ने डीसी कार्यालय, तहसील, रिकॉर्ड रूम व स्टोर रूम की व्यवस्थाओं को जांचने के लिए शनिवार को औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान रिकॉर्ड रूम में नकल, जमाबंदी, रीडर के रिकॉर्ड, आरटीआई तथा लंबित मामलों की व्यवस्थाएं दुरुस्त नहीं मिली। इस पर डीसी ने संबंधित कर्मचारियों को फटकार लगाई और निर्धारित समय में पूरा रिकॉर्ड व्यवस्थित करने के आदेश भी दिए।
उपायुक्त ने तहसील में रिकॉर्ड रजिस्टर की जांच की। उन्होंने रजिस्टर में सही तरह से एंट्री व मार्किंग के निर्देश दिए। कैश बुक में एंट्री को ट्रेजरी से सत्यापित करवाने को कहा। उन्होंने कहा कि डीड में देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सरकारी सेवाओं की भी जांच की। स्वयं खिड़की पर जाकर रिकॉर्ड की पड़ताल की। साथ ही उन्होंने हर प्रकार के रिकॉर्ड को सही करने के निर्देश देते हुए रिकॉर्ड रूम में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने नकल, जमाबंदी, रीडर के रिकॉर्ड, आरटीआई तथा लंबित मामलों की विशेष रूप से जानकारी लेते हुए पड़ताल की तो कई खामियां मिली। इस पर उन्होंने कर्मचारियों को फटकार भी लगाई। उन्होंने निर्देश दिए कि नियमित रूप से प्रतिदिन ओपनिंग बैलेंस व क्लोजिंग बैलेंस का ब्योरा रखा जाए। उन्होंने कोर्ट केसों के निपटारे के लिए भी विशेष निर्देश दिए। इस मौके पर एसडीएम अमित कुमार, डीआरओ हरिओम अत्री, पीडब्ल्यूडी विभाग के एक्सईएन पंकज गौड़ मौजूद रहे।