उपायुक्त राजीव रतन द्वारा गठित टीम ने दालों की खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों में स्टॉक की उपलब्धता की जांच के लिए तीन मीलों का निरीक्षण कर स्टॉक की जांच की है। तीनों कंपनियों में स्टॉक की निर्धारित सीमा के अंदर मिला।
जिला राजस्व अधिकारी सुरेश कुमार के नेतृत्व में गठित की गई टीम में खाद्य एवं पूर्ति विभाग के निरीक्षकों, सचिव एवं कार्यकारी अधिकारी मार्केट कमेटी सोनीपत को शामिल किया गया है। जिन फैक्ट्रियों का निरीक्षण किया गया उनमें जीपीए फूड्स प्रा. लि. में कच्चा और पक्का माल मिलाकर 2584-75 क्विंटल स्टॉक मिला, जो निर्धारित सीमा के अंतर्गत था। दूसरा निरीक्षण एसबीएस पल्सेज लिमिटेड में किया गया। यहां कच्चा और पक्का माल मिलाकर 1538-95 क्विंटल स्टॉक मिला जो गणपति ट्रेडर्स नया बाजार दिल्ली से संबंध रखता है और निर्धारित सीमा के अंदर है। तीसरा निरीक्षण मेसर्स नीलकंठ इंडस्ट्री एचएसआईआईडीसी राई का किया गया। यहां कच्चा व पक्का माल मिलाकर 1454-19 क्विंटल स्टॉक मिला जो अनुज ट्रेडिंग कंपनी दुकान नंबर-4002 नया बाजार दिल्ली से संबंध रखता है और निर्धारित मात्रा के अंदर है। उपायुक्त रतन ने बताया कि जिला में दालों के स्टॉक की निगरानी के लिए जिला प्रशासन लगातार थोक विक्रेताओं व खुदरा विक्रेताओं के साथ-साथ दाल प्रसंस्करण इकाइयों के स्टॉक पर निगरानी रख रहा है। सभी स्थानों पर औचक निरीक्षण किया जा रहा है।