सोनीपत। राष्ट्रीय राजमार्ग-352ए पर रात्रि प्रकाश व्यवस्था की बदहाली अब वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही है। सूर्यास्त होते ही हाईवे और उस पर बने फ्लाईओवर अंधेरे में डूब जाते हैं। जिससे विशेषकर कोहरे के मौसम में हादसों की आशंका कई गुना बढ़ जाती है।
सोनीपत-जींद ग्रीन फील्ड राष्ट्रीय राजमार्ग-352ए का निर्माण मुरथल जीटी रोड से शुरू सोनीपत और गोहाना से होते हुए जींद तक किया गया है। पहले चरण में गोहाना से जींद तक हाईवे का निर्माण पूरा किया गया और दूसरे में गोहाना से सोनीपत तक हुआ। इसमें बड़वासनी के पास कुछ काम अभी अधूरा है। हालांकि हाईवे वाहनों के लिए खोल दिया गया है।
हाईवे पर रात्रि प्रकाश का प्रबंध भी किया गया, लेकिन अभी लाइट बंद हैं। स्थानीय निवासी महेंद्र, राजेश व मोहन ने बताया कि हाईवे पर मोहाना के पास टोल प्लाजा शुरू किए जाने के बाद टोल तो लगातार वसूला जा रहा है, लेकिन सुविधाओं के नाम पर हालात जस के तस हैं।
वाहनों से 65 रुपये से लेकर 415 रुपये तक टोल शुल्क वसूला जा रहा है जबकि सुरक्षा और मूलभूत सुविधाएं उपेक्षित दिखाई दे रही हैं। मुकेश व राजेश ने बताया कि हाईवे पर सोनीपत क्षेत्र में करीब 799 करोड़ रुपये लगाए गए। उसके बावजूद टोल प्लाजा के आसपास की व्यवस्था सवालों के घेरे में है।
खासतौर पर बाइक और दोपहिया वाहन चालकों के लिए टोल प्लाजा के पास से निकलना जोखिम भरा बना हुआ है। संकरे मार्ग और असंतुलित रास्तों के कारण बाइक के खेतों में गिरने का खतरा बना रहता है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
कोहरे में बिगड़ जाते हैं हालात
राहगीर अशोक, रवि और नितिन ने बताया कि कोहरे के दौरान हालात और भी भयावह हो जाते हैं। दृश्यता पहले ही कम होती है और ऊपर से रात्रि प्रकाश व्यवस्था के ठप होने से वाहन चालकों को मार्ग का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है। फ्लाईओवरों और मोड़ों पर अचानक सामने आ जाने वाले वाहन या अवरोध दुर्घटना को न्योता दे रहे हैं। स्थानीय नागरिकों और वाहन चालकों की मांग है कि जब हाईवे से भारी टोल वसूला जा रहा है तो सुरक्षा और सुविधाओं में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होनी चाहिए।
हाईवे पर रात्रि प्रकाश के लिए लाइटें लगी हुई हैं, लेकिन कुछ तकनीकी खामियों के कारण वह फिलहाल कार्य नहीं कर रही हैं। इन तकनीकी दिक्कतों को जल्द दूर कर लाइटों को चालू करा दिया जाएगा।
- जगभूषण शर्मा, परियोजना निदेशक, एनएचएआई
फोटो 04: सोनीपत के गांव बादशाहपुर माच्छरी के पास एनएच-352ए के फ्लाईओवर पर पसरा हुआ अंधेरा। संवा