फोटो :18: सोनीपत के रोहतक रोड पर कालूपुर चुंगी के पास पानी का छिडक़ाव करती निगम की टीम। संवाद
सोनीपत। गांव मिमारपुर के निकट स्थित एसडी इंटरप्राइजेज फैक्टरी में शुक्रवार देर रात प्रदूषण विभाग की टीम ने छापा डाला। एयर कंट्रोल सिस्टम खराब मिलने पर उसे सील कर दिया गया। ग्रामीणों ने आधी रात को शिकायत दी थी कि फैक्टरी से विषैली गैस निकलती है।
इससे चार से पांच किलोमीटर क्षेत्र तक लोगों को सांस लेने में परेशानी हो रही है। विभाग की टीम रात करीब एक बजे मौके पर पहुंची और अनियमितता मिलने पर उत्पादन बंद करवाते हुए फैक्टरी को सील कर दिया।
वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) और सोनीपत प्रशासन ने ग्रैप-3 के नियम लागू कराने के लिए शुक्रवार सुबह से रात तक कार्रवाई की थी मगर गांव मिमारपुर की एसडी इंटरप्राइजेज फैक्टरी में जब देर रात काम चलने के दौरान आसपास के क्षेत्र में विषैली हवा फैली तो लोगों ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को शिकायत कर दी।
शिकायत पर रात करीब एक बजे प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के एसडीओ कुशाग्र अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान टीम ने पाया कि फैक्टरी का एयर पॉल्यूशन कंट्रोल सिस्टम खराब था। यह सिस्टम प्रदूषित गैसों को नियंत्रित करने के लिए अनिवार्य होता है लेकिन इसके बंद होने से खतरनाक धुआं बिना किसी रोक-टोक के फैल रहा था।
फैक्टरी में रबड़ का सामान बनाया जाता है। फैक्टरी में टायर और रबर पिघलाने वाली बड़ी मशीन निर्धारित मानकों के अनुरूप इंस्टॉल नहीं की गई थी। इससे निकलने वाली गैसें सीधे हवा को प्रदूषित कर रही थीं। ग्रामीणों ने बताया कि रात के समय बदबू और प्रदूषण के कारण आंखों में जलन, सिरदर्द और सांस लेने में दिक्कत हो रही थी।
पॉल्यूशन विभाग के एसडीओ कुशाग्र ने बताया कि शिकायतें गंभीर थीं इसलिए देर रात ही टीम मौके पर पहुंची और फैक्टरी को तुरंत बंद कराया गया ताकि ग्रामीणों के स्वास्थ्य पर और असर न पड़े।
फोटो :18: सोनीपत के रोहतक रोड पर कालूपुर चुंगी के पास पानी का छिडक़ाव करती निगम की टीम। संवाद