- महिला-पुरुष भारत केसरी पहलवानों को मिलेगा एक-एक लाख रुपये का इनाम
संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। स्वर्गीय गुरु रघुवीर पहलवान की स्मृति में उनके पैतृक गांव रायपुर में हर वर्ष कुश्ती दंगल आयोजित किया जाएगा। इसकी शुरुआत मंगलवार सुबह आठ बजे रायपुर अखाड़े में होगी। दंगल में महिला और पुरुष पहलवान भारत केसरी के खिताब के लिए जोर आजमाइश करेंगे।
सोमवार को पहलवानों का वजन कराया गया। महिला वर्ग में लाठ गांव की काजल पहलवान और पुरुष वर्ग में मिर्चपुर अखाड़े के विक्की पहलवान ने दावेदारी पेश की। वहीं 58 किलो भार वर्ग में सिमरन और श्रुति ने भी वजन कराया। वजन प्रक्रिया के दौरान कोच अजय, नेवी के कोच कुलदीप, पिनाना के सुरेश पहलवान, जगबीर कोच, राजेश कोच और बलवान कोच मौजूद रहे।
प्रशिक्षक अनिल खत्री व अशोक सरोहा ने बताया कि महिला और पुरुष भारत केसरी विजेता को एक-एक लाख रुपये, उपविजेता को 51 हजार और संयुक्त तीसरे स्थान पर रहने वाले पहलवानों को 31-31 हजार रुपये दिए जाएंगे। विभिन्न भार वर्गों में कुल 8 लाख 64 हजार रुपये की इनामी राशि वितरित होगी। दंगल का उद्देश्य गुरु रघुवीर पहलवान की कुश्ती विरासत को आगे बढ़ाना और युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना है। दंगल में महिला व पुरुष पहलवानों के समान इनामी राशि रखी गई है।