संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। हरियाणा खेल विश्वविद्यालय, राई में क्रिकेट इंट्राम्यूरल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कुलपति अशोक कुमार ने क्रिकेट के मैदान में पौधरोपण करके पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने पहला शॉट लगाकर मैच का उद्घाटन किया।
इंट्राम्यूरल प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के कंचनजंगा हाउस, नंदा देवी हाउस, कामेत हाउस एवं एवरेस्ट हाउस के खिलाड़ियाें ने भाग लिया। कड़े मुकाबलों में नंदा देवी हाउस विजेता रहा। विजेता टीम के कप्तान साहिल को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया।
जतिन को उदीयमान खिलाड़ी चुना गया। सभी मैच 8 ओवर के हुए। विश्वविद्यालय की खेल अधिकारी अर्जुन पुरस्कार विजेता पहलवान सरिता मोर उपस्थित रहीं।
कुलपति ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन से विद्यार्थी न केवल खेल में भाग लेते हैं बल्कि आयोजन की योजना बनाना, निष्पक्ष रूप से निर्णायक की भूमिका निभाना, फिक्स्चर तैयार करना व खेल भावना के साथ प्रतिस्पर्धा करना भी सीखते हैं।
उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक हैं। उन्हें नेतृत्व, अनुशासन व टीमवर्क की भावना से परिपूर्ण बनाती हैं। इस दौरान कोच विकास लाठर, कोच अमित सरोहा व संजय गोयत का योगदान रहा।
इस अवसर पर डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. विवेक कुमार सिंह, सहायक निदेशक (खेल) डॉ. चेतन शर्मा व इंट्राम्यूरल निदेशक डॉ. संदीप कुमार भी मौजूद रहे।