गोहाना में पत्रकारों से बातचीत करते पूर्व विधायक जगबीर मलिक। संवाद
गोहाना। कांग्रेस के पूर्व विधायक जगबीर मलिक ने गोहाना में होने वाली भाजपा रैली से पहले भाजपा सरकार को कई मुद्दों पर घेरा है। पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि रेल कोच फैक्टरी को यहां से हटाकर भाजपा सरकार ने क्षेत्र के युवाओं को मिलने वाले रोजगार से वंचित कर दिया।
पूर्व विधायक ने शिक्षा के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कहा कि महिलाओं के लिए तीन कॉलेज मंजूर किए गए थे लेकिन आज तक एक भी कॉलेज की बिल्डिंग नहीं बन पाई। सभी काम बीच में ही बंद हो गए। गोहाना को जिला बनाने के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अपना किया वायदा पूरा करे।
न तो गोहाना को जिला बनाया गया और न ही पश्चिमी बाईपास का काम शुरू हुआ। सरकार यह बहाना बना रही है कि किसान जमीन नहीं दे रहे जबकि सरकार कई दूसरी परियोजनाओं के लिए जमीन का अधिग्रहण कर रही है फिर इस काम के लिए क्यों नहीं।
उन्होंने गांवों के विकास को लेकर तीन अहम मांग भी उठाई। इसमें कहा कि हर गांव में कम्युनिटी सेंटर के लिए जगह तय कर एक करोड़ रुपये भवन निर्माण के लिए दिए जाएं ताकि ग्रामीण अपने बच्चों की शादी मौजूदा समय के हिसाब से कर सकें। साथ ही गांवों के जोहड़ों को गंदे पानी से मुक्त कराया जाए और तीसरी मांग हर गांव के सरपंच को 50 लाख रुपये सीधे खाते में दिए जाएं ताकि सरपंच अपने स्तर पर गांव की समस्याओं का तुरंत समाधान कर सकें। उन्होंने मुख्यमंत्री से रैली में यह घोषणा करने की भी मांग की।