गोहाना। गांव रोलद लतीफपुर के रहने वाले किसान के खाते से साइबर ठगों ने ऑनलाइन धोखाधड़ी कर 676514 रुपये निकाल लिए। उनके खाते में अब महज एक रुपया बचा है। जब वह बैंक में पैसे निकालवाने गए थे ठगी का पता लगा। अशिक्षित किसान का आरोप है कि उसके पास किसी का फोन नहीं आया और न ही किसी ने खाते के बारे में जानकारी ली। उसके बावजूद खाते से नकदी निकल गई। पुलिस ने किसान की शिकायत पर धोखाधड़ी व चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव रोलद लतीफपुर के रहने वाले किसान सतपाल सिंह ने सदर थाना गोहाना पुलिस को बताया कि उसका गांव सरगथल स्थित एसबीआई में बैंक खाता है। अशिक्षित होने के चलते उसने एटीएम कार्ड तक नहीं बनवा रखा है। उसने कुछ समय पहले अपनी जमीन बेची थी। जिससे उसे पैसे मिले थे। साथ ही फसल बेचकर भी कुछ पैसे मिले थे। उसके बैंक खाते में 876515 रुपये थे। जिसमें से उसने 16 जुलाई को दो लाख रुपये अपने परिचित को आरटीजीएस के माध्यम से दिए थे। जिसके बाद खाते में 676515 रुपये बच गए थे। सतपाल ने बताया कि उसे कुछ पैसों की जरूरत थी। जिसके चलते वह सोमवार को एसबीआई की सरगथल शाखा में पैसे निकलवाने गया था। जब वह पैसे निकलवाने लगा तो उसे बताया गया कि उसके खाते में महज एक रुपये बचा हुआ है। उसके खाते से 676514 रुपये निकाले जा चुके थे। सतपाल का आरोप है कि उसने पैसे नहीं निकलवाए। जिसके बाद वह एक दिन बाद गांव के खास लोगों को लेकर बैंक में गया। तब उसे धोखाधड़ी का पता लगा। सतपाल ने मामले को लेकर सदर थाना गोहाना में शिकायत दी। जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
अशिक्षित होने के चलते नहीं बनवाया एटीएम, की-पेड का मोबाइल करता है प्रयोग
सतपाल ने बताया कि वह अशिक्षित है। जिसके चलते उसे ज्यादा जानकारी नहीं है। उसे एटीएम बनवाने को कहा गया था, लेकिन उसने अशिक्षित होने के चलते एटीएम तक बनवाने से मना कर दिया। इतना ही नहीं वह की-पेड का मोबाइल प्रयोग करता है। उसे तो अपना बैंक खाता नंबर तक याद नहीं है। उसके पास किसी का फोन भी नहीं आया। उसके बावजूद खाते से नकदी निकल गई। उसने मामले में जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
---
किसान ने धोखाधड़ी से बैंक खाते से नकदी निकालने की शिकायत दी है। जिस पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में गहनता से जांच की जा रही है। जल्द मामले का पटाक्षेप कर दिया जाएगा।
-कर्मजीत सिंह, थाना प्रभारी, सदर गोहाना।