फोटो 02- साेनीपत के मुरथल अड्डा स्थित पीएमश्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय। संवाद
सोनीपत। विद्यार्थियों को लू और भीषण गर्मी से बचाने के लिए कक्षाओं की खिड़कियों पर पर्दे लगाए जाएंगे। साथ ही विद्यालयों में पीने के पानी के लिए तीन बार घंटी बजाई जाएगी। रेडक्रॉस फंड से विद्यालयों को ओआरएस खरीदना अनिवार्य रहेगा। कक्षा से बाहर होने वाली गतिविधियों को सुबह 10 बजे से पहले संपन्न करवाना होगा। इसके लिए विद्यालय शिक्षा निदेशालय की ओर से जिला शिक्षा अधिकारी को दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। ऐसा न करने पर विद्यालय प्रबंधकों पर कार्यवाही की जाएगी।
विद्यालय शिक्षा निदेशालय ने तापमान में लगातार हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए विद्यार्थियों को किसी भी सूरत में धूप में न बैठाने की हिदायत दी है। अप्रैल के दूसरे सप्ताह में ही तापमान 39 डिग्री तक पहुंच गया है। ऐसे में विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियाें को गर्मी व लू से बचाने के लिए शिक्षा विभाग सतर्क हो गया है। इसके लिए आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए गए हैं।
शिक्षा अधिकारियों ने बताया कि अब विद्यालयों में किसी भी तरह के कार्यक्रम धूप में आयोजित नहीं किए जाएंगे। न ही विद्यार्थियों को खुली धूप में बैठाया जाएगा। गर्मी से बचने के उपायों पर रोजाना विद्यार्थियों के साथ चर्चा की जाएगी। इसके लिए जरूरत पड़ने पर आयुष विभाग से भी संपर्क किया जा सकता है। प्रत्येक स्कूल को आपात स्थिति के संदर्भ में अस्पताल से संपर्क स्थापित करने होंगे।
पर्याप्त मात्रा में खरीदें ओआरएस
शिक्षा निदेशालय ने निर्देश दिए हैं कि विद्यार्थियों को गर्मी व लू से बचाने के लिए प्रत्येक स्कूल में रेडक्रॉस फंड से पर्याप्त मात्रा में ओआरएस खरीदा जाए। कक्षा कक्ष की खिड़कियों को पर्दों, रिफ्लेक्टर जैसे एल्युमीनियम पन्नी या गत्ते आदि से ढककर रखना होगा, ताकि धूप व गर्मी को रोका जा सके। इसके अलावा विद्यार्थियों को बंद वाहन में अकेला न छोड़ा जाए।
विद्यालय शिक्षा निदेशालय ने विद्यार्थियों को गर्मी व लू से बचाने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। विद्यालयों में बच्चों को धूप में न बैठाया जाए। उन्हें पर्याप्त व स्वच्छ जल की उपलब्ध करवाया जाए। विद्यार्थियों को लू से बचने के उपायों के प्रति अवगत कराया जाए। कक्षाओं की खिड़कियों पर पर्दे लगवाए जाएं। -नवीन गुलिया, जिला शिक्षा अधिकारी, सोनीपत।
फोटो 02- साेनीपत के मुरथल अड्डा स्थित पीएमश्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय। संवाद