सोनीपत। अधिकतर एक्सप्रेस ट्रेनों में बढ़ती वेटिंग को लेकर दिल्ली रेल मंडल ने समर स्पेशल एक्सप्रेस का परिचालन शुरू कर दिया है। धनबाद से जम्मूतवी तक सप्ताह में अप-डाउन रूट पर एक-एक बार चलने वाली गरीब रथ एक्सप्रेस के फेरे भी डबल कर दिए गए हैं। ऐसे में ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियाें को एक्सप्रेस ट्रेनों में आरक्षित टिकट नहीं मिलने पर स्पेशल गाड़ियों का सहारा मिल सकेगा। इन ट्रेनों का परिचालन होने से दिल्ली, हरियाणा, पंजाब व हिमाचल प्रदेश के यात्रियों को फायदा मिलेगा।
लंबे रूट पर चलने वाली ज्यादातर एक्सप्रेस ट्रेनों में इन दिनों प्रतीक्षा सूची लंबी होने के कारण यात्रियों को आरक्षित टिकट नहीं मिल रहा है। विभिन्न एक्सप्रेस ट्रेनों में 201 तक प्रतीक्षा सूची चल रही है। ट्रेनों में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे ने 15 अप्रैल तक समर स्पेशल ट्रेन का परिचालन शुरू किया है। ट्रेन संख्या 04081 समर स्पेशल 14 अप्रैल तक नई दिल्ली से रात 11:45 बजे अपनी यात्रा प्रारंभ कर सोनीपत के रास्ते सुबह 11:40 बजे कटरा स्टेशन पर पहुंचेगी। वहीं ट्रेन संख्या 04082 समर स्पेशल 11 से 15 अप्रैल तक कटरा स्टेशन से रात 9:20 बजे अपनी यात्रा प्रारंभ कर अगले दिन सोनीपत के रास्ते सुबह 9:30 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। इनका सोनीपत स्टेशन पर रात 12:26 व सुबह 7:50 बजे ठहराव निर्धारित किया गया है।
वहीं यात्रियों की सुविधा के लिए धनबाद से जम्मूतवी तक चलने वाली गरीब रथ एक्सप्रेस के 29 जून तक फेरे बढ़ाए गए हैं। 03309 गरीब रथ एक्सप्रेस प्रत्येक मंगलवार व शनिवार व जम्मूतवी से धनबाद रूट की 03310 गरीब रथ एक्सप्रेस का हर बुधवार व रविवार को परिचालन होगा। यह ट्रेन 29 जून तक अप-डाउन में 26-26 फेरे लगाएंगी। इस ट्रेन का सोनीपत स्टेशन पर अप लाइन पर सुबह 10:08 व डाउन लाइन पर सुबह 9:45 बजे ठहराव निर्धारित है।
कटरा से दिल्ली आने वाली ट्रेनों में वेटिंग
ट्रेन संख्या नाम वेटिंग
12920 मालवा एक्सप्रेस 124
12472 स्वराज एक्सप्रेस 113
20434 जम्मू मेल 201
11078 झेलम एक्सप्रेस 145
12446 उत्तर संपर्क क्रांति 148
04082 समर स्पेशल ट्रेन 52
दिल्ली से कटरा जाने वाली ट्रेनों में वेटिंग
12445 उत्तर संपर्क क्रांति 74
20433 जम्मू मेल 64
12919 मालवा एक्सप्रेस 16
12471 स्वराज एक्सप्रेस 18
22461 श्रीशक्ति एक्सप्रेस 97
11077 झेलम एक्सप्रेस 26
रेलवे ने ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को लेकर आकलन करने के बाद ही दिल्ली-कटरा रूट पर स्पेशल ट्रेन का परिचालन शुरू किया है। साथ ही धनबाद से जम्मूतवी रूट पर चलने वाली गरीब रथ एक्सप्रेस के 29 जून तक फेरे बढ़ाए गए हैं। रेलवे यात्रियों की सुविधा के लिए प्रयासरत हैं। -हिमांशु शेखर उपाध्याय, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, दिल्ली रेलवे मंडल।
फोटो 01- सोनीपत स्टेशन पर बठिंडा एक्सप्रेस ट्रेन में सवार होते यात्री। संवाद