सोनीपत। गांव बड़वासनी के पास मुरथल निवासी कंस्ट्रक्शन ठेकेदार से बदमाशोे ने हाथापाई कर कार और नकदी लूट ली। स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने पहले ठेकेदार की कार को टक्कर मारी फिर परिसर में घुसकर हाथापाई करते हुए नकदी और कार लूट ली।
गांव मुरथल निवासी लक्ष्मण सिंह ने सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है कि वह निर्माण कार्यों का ठेका लेते हैं। उन्होंने गांव बड़वासनी क्षेत्र में गोहाना-सोनीपत मार्ग पर स्थित निजी कंपनी के निर्माण का ठेका ले रखे हैं। 27 जनवरी की सुबह वह अपनी कार से कंपनी जा रहे थे।
सुबह करीब सवा दस बजे जब वह कंपनी के मुख्य द्वार के सामने पहुंचे तो सामने से आई स्कॉर्पियो के चालक ने उनकी कार के आगे गाड़ी लगा दी। उन्होंने बचाव का प्रयास किया तो कार को एक ओर करने की कोशिश की पर सामने वाले वाहन चालक ने नबूझकर गाड़ी उनकी तरफ मोड़ दी। ऐसे में दोनों वाहन टकरा गए।
वह बचकर अपनी कार सहित कंपनी परिसर के अंदर चले गए मगर गाड़ी भी पीछा करते हुए परिसर में घुस आई। गाड़ी से उतरे दो युवकों ने उनके साथ हाथापाई की। उनकी कार की चाबी, आवश्यक दस्तावेज तथा कार में रखे 80 हजार रुपये छीन लिए।
एक युवक उनकी कार और दूसरा अपनी गाड़ी लेकर भाग गए। पीड़ित का कहा है कि वह दोनों युवकों को सामने आने पर पहचान सकते हैं। सदर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।