सोनीपत के गांव मुकीनपुर में देर रात एक ग्रामीण की पीटकर व नुकीले हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। हमलावर ग्रामीण को गाड़ी में डालकर लाए और शव को गली में फेंक कर भाग गए। आरोप है कि हमलावरों ने ग्रामीण के शव को उनके भाई के घर के बाहर फेंका। पुलिस ने शव को नागरिक अस्पताल में रखवा दिया है।
गांव मुकीनपुर निवासी कप्तान (50) का परिवार के ही एक पक्ष से प्लाट को लेकर कई दिन से विवाद चल रहा था। रविवार रात को कप्तान घर से बाहर गए थे। बताया जा रहा है कि दूसरे पक्ष का युवक अपने साथियों के साथ देर रात करीब पौने 12 बजे कप्तान के भाई बलबीर के घर के बाहर आया। उन्होंने अपनी गाड़ी से कप्तान के शव को बाहर फेंक दिया। साथ ही आवाज देकर कहा कि तुम्हारे भाई कप्तान को मार दिया है। उसके बाद हमलावर भाग गए। परिजन बाहर आए तो देखा कि कप्तान के शरीर पर लाठी-डंडे व नुकीले हथियार से हमला करने के निशान थे।
मामले की सूचना बहालगढ़ थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर फोरेंसिक साइंस लैब की टीम को मौके पर बुलाकर सबूत जुटाए। उसके बाद पुलिस ने शव को नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिया है। परिजनों के बयान पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।