हरियाणा के सोनीपत में कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेस-वे पर खड़ी महिंद्रा पिकअप गाड़ी को पीछे से कैंटर ने टक्कर मार दी। हादसे में पिकअप चालक समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 अन्य घायल हो गए। वह उत्तर प्रदेश के लखीमपुर स्थित मुर्तजा अली नगर से झज्जर के गांव रैया आ रहे थे। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने घायलों को खरखौदा के फिरोजपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से 21 को रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया है।
रैया निवासी रोहित ने खरखौदा थाना पुलिस को बताया कि उनके दोस्त रैया निवासी विजय कुमार (38) ट्रेवल एजेंसी चलाते थे। वह अपनी पिकअप गाड़ी लेकर उत्तर प्रदेश गए थे। उनके साथ वह भी था। दोनों 11 अक्तूबर को यूपी पुलिस में तैनात सहारनपुर में रहने वाले उनके मौसेरे भाई के पास गए थे।
वहां से वह धान काटने के लिए मजदूरों को लेने के लिए जिला लखीमपुर खीरी के मुर्तजा अली नगर चले गए थे। वहां से 30 मजदूरों को लेकर वह झज्जर आ रहे थे। शुक्रवार सुबह करीब छह बजे केएमपी पर गांव पिपली के पास पहुंचे तो श्रमिकों के कहने पर गाड़ी रोक दी।
कुछ श्रमिक लघुशंका के लिए चले गए और कुछ गाड़ी में बैठे रहे। इसी बीच तेज रफ्तार कैंटर ने पीछे से पिकअप में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी रेलिंग तोड़कर सड़क के किनारे पलट गई। हादसे में उत्तर प्रदेश के जिला हरदोई के गांव अकोरा निवासी परमेश्वर (40), जिला पीलीभीत के गांव पतजिया निवासी सर्वेश (28), लखीमपुर खीरी के मुर्तजा अली नगर निवासी भानू (25) की मौके पर ही मौत हो गई।
अकोरा के बृजेश (22) और गाड़ी चालक विजय समेत 27 घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने घायलों को फिरोजपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। वहां पर विजय और बृजेश को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने परमेश्वर, भानू, सर्वेश, बृजेश व विजय के शवों को नागरिक अस्पताल में रखवा दिया है।
उनके परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम किया जाएगा। विजय के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने रोहित के बयान पर कैंटर चालक चरखी दादरी के गांव मकड़ानी निवासी श्रीभगवान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने कैंटर कब्जे में ले लिया है।
हादसे में ये घायल हुए
हादसे में घायल हुए 25 लोगों में से 21 को पीजीआई, रोहतक रेफर किया गया है। इनमें से दो की हालत गंभीर बनी हुई है। घायलों में मुर्तजा अली नगर निवासी अनीश, हरिपाल, सुभाष, वेद प्रकाश, रामजी, अनिल, संजय, महेंद्र, चंचल सिंह, सुमित, प्रेमराज व कांशी, गांव अकोरा निवासी जितेंद्र, चंद्रपाल, गांव भांगी निवासी बृजेश व राहुल, भादापुर निवासी भारत प्रसाद, अमित, हरदौरी निवासी राहुल, टीकापुर निवासी मंशा राम, नोरदा निवासी वेदपाल, गांव फतीजा निवासी भाईलाल हैं।
कैंटर चालक की गिरफ्तारी के बाद ही हादसे का कारण पता लग सकेगा। कैंटर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।
-जीत सिंह बेनीवाल, एसीपी, खरखौदा।