: गांव टोंकी मनौली टोंकी की बच्ची की हत्या के बाद गमगीन परिजन।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
गाजियाबाद के नंदग्राम थाना क्षेत्र से अगवा कर बुलंदशहर में बच्ची की हत्या के मामले में पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को लेकर सोनीपत में पैतृक गांव टोंकी-मनौली पहुंचे। जहां पर गमगीन माहौल में बच्ची का अंतिम संस्कार कर दिया। बच्ची के परिजनों ने मामले में ठोस कार्रवाई कर आरोपियों को कड़ी सजा देने की मांग की है। बच्ची की मौत का पता लगने के बाद से गांव में मातम पसर गया।
सोनीपत के गांव टोंकी मनौली के रहने वाले मोनू की शादी गाजियाबाद के नंदग्राम निवासी ममता के साथ वर्ष 2009 में हुई थी। मोनू से ममता को दो बच्चे खुशी व विवेक हुए थे। हालांकि बाद में सड़क हादसे में मोनू की मौत हो गई थी। इसके चलते ममता की शादी उनके देवर सोनू के साथ कर दी गई थी। ममता की बेटी खुशी अपने ननिहाल नंदग्राम में अपनी नानी के पास रहने लगी।
11 साल की खुशी अब तीसरी कक्षा में पढ़ रही थी। उसका रविवार सुबह नंदग्राम से अपहरण कर लिया गया था। रविवार शाम को ही गांव टोंकी में रह रहे सोनू के पास बेटी का अपहरण किये जाने का फोन आया था। साथ ही 30 लाख रुपये की मांग की गई थी। जिसके बाद बच्ची का शव बुलंदशहर के सराय छबीला क्षेत्र में मिला था।
पुलिस ने बच्ची के पड़ोस में रहने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। बुधवार को बच्ची का शव पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंपा गया। जिसके बाद परिजन शव को गांव टोंकी मनौली ले आए। जहां गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार कर दिया। बच्ची के परिजनों ने बताया कि 30 लाख के लालच में मासूम की हत्या कर दी गई।
पिता के एक्सीडेंट क्लेम के मिलने से पैसे
ग्रामीणों ने बताया कि बच्ची के पिता की एक्सीडेंट में मौत हो गई थी। जिसके क्लेम के पैसे मिलने थे। जिसके बारे में आरोपी को पता लगा था। जिसके चलते ही उसने साथियों संग अपहरण कर हत्या की थी। पुलिस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। परिजनों का कहना है कि आरोपी कुबूल चुके है कि उन्होंने बुलंदशहर में ही बच्ची को स्कूटी पर ले जाते हुए उसका गला दबाकर हत्या कर दी थी।
मां बोली, सोचा नहीं था, पड़ोसी छीन लेगा बेटी
बच्ची की मां ममता ने कहा कि उनकी खुशी सदा के लिए उनसे छीन ली गई है। उनका कहना है कि उनके पड़ोस में रहने वाले आरोपी ने ही बच्ची का अपहरण कर वारदात को अंजाम दिया। आंखों में आंसू लिए ममता ने कहा कि जिस पड़ोसी के घर आना जाना था वहीं उनकी बेटी को छीन लेगा उसने कभी सोचा तक नहीं था।